ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki: प्रधानमंत्री के युवा संवाद कार्यक्रम से जुड़े एसआरएमयू के सैकड़ों विद्यार्थी, नशामुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प

 



Barabanki News... मेरा युवा भारत, युवा मामले विभाग, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के युवाओं के साथ रविवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ के अंतर्गत श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय के चरक सभागार में रविवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इंजीनियर पंकज अग्रवाल एवं प्रति-कुलाधिपति इंजीनियर पूजा अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समन्वय प्रो. (डॉ.) नीरजा जिंदल द्वारा किया गया। 

 कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए उन्हें जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और युवाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक विषयों पर उनके विचारों को आत्मसात किया। कार्यक्रम के पश्चात सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिज्ञा की। 

इस दौरान युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े अभियानों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया। 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और जनजागरूकता को बढ़ावा देने वाले ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ