Barabanki news... उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद बाराबंकी के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में जनपद के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जिला प्रशासन एवं वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा परिषद को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
संघ द्वारा जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से मांग की गई है कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी, लू एवं हीट वेव की परिस्थितियों को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन करते हुए प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक निर्धारित किया जाए अथवा छात्र हित में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए। संघ ने कहा कि अत्यधिक तापमान के कारण विद्यालयों में अध्ययनरत छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है, इसलिए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
इसके अतिरिक्त संघ द्वारा वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा परिषद, बाराबंकी को दिए गए ज्ञापन में शॉर्ट टैक्स प्रकरणों के निस्तारण हेतु निर्धारित तिथियों में संशोधन की मांग की गई। संघ ने अवगत कराया कि निर्धारित तिथियों के आसपास यूपीटेट परीक्षा प्रस्तावित होने के कारण अधिकांश शिक्षकों को असुविधा हो सकती है। अतः नई तिथियां निर्धारित कर प्रकरणों का निस्तारण कराया जाए।
संघ ने शिक्षकों के लंबित 58 से 60 प्रतिशत अवशेष वेतन, विभिन्न देयकों तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक पद से संबंधित अवशेष भुगतान के प्रकरणों का भी शीघ्र निस्तारण एवं भुगतान सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि संगठन सदैव छात्र हित एवं शिक्षक हित दोनों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा आशा करता है कि प्रशासन एवं विभाग इन मांगों पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक एवं त्वरित कार्रवाई करेगा।

0 टिप्पणियाँ