Barabanki News..... नवागंतुक छात्रों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश, सांस्कृतिक विरासत, अनुशासन, प्लेसमेंट अवसरों तथा विभिन्न क्लबों और सोसायटियों से परिचित कराने के उद्देश्य से श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (एसआरएमयू), में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दो दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम ‘इंडक्शन’26’ का बुधवार को शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल एवं प्रति-कुलाधिपति इं. पूजा अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. हेमेन्द्र शर्मा, प्रो. बी एम दीक्षित, परीक्षा नियंत्रक प्रो. अकांक्षा निगम, प्रो. अभिषेक सक्सेना समेत विभिन्न संकायों के डीन, निदेशक एवं विभागाध्यक्षों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संयोजन विश्वविद्यालय क्लब इंचार्ज प्रो. (डॉ.) वीना सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के चांसलर इं. पंकज अग्रवाल एवं प्रो-चांसलर इं. पूजा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक सन्देश भेजकर शुभकामनाएं दी और कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान के साथ-साथ चरित्र निर्माण और समाज तथा राष्ट्र के प्रति गहरी जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे विश्वविद्यालय के गौरव को आगे बढ़ाएं, अनुशासन बनाए रखें और अपने कार्यों से विश्वविद्यालय एवं समाज का नाम रोशन करें। अपने सन्देश में चांसलर ने जोर दिया कि सच्ची सफलता मेहनत, ईमानदारी और सेवा भावना से ही प्राप्त होती है। आगे उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और उद्यमिता की भावना प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय केवल ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, चरित्र विकास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। आगे उन्होंने छात्रों से अनुशासन, कठोर परिश्रम, नैतिक मूल्यों और नवाचार की भावना अपनाने का आह्वान किया तथा कहा कि एसआरएमयू में उपलब्ध शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक अवसरों का पूर्ण सदुपयोग कर वे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं। कुलपति ने जोर दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना भी है। उन्होंने छात्रों को नवाचार, अनुसंधान और उद्योग जगत की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी तथा कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं, बल्कि कौशल और दृष्टिकोण भी आवश्यक हैं। उद्घाटन सत्र के बाद परीक्षा नियंत्रक प्रो. अकांक्षा निगम ने ज्ञान साझाकरण सत्र में परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया और शैक्षणिक नियमों की विस्तृत जानकारी दी। डीएसडब्ल्यू प्रो. बीएम दीक्षित ने छात्र कल्याण योजनाओं, छात्रवृत्तियों, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिकायत निवारण तंत्र के बारे में बताया। इसी क्रम में नवागंतुक छात्रों को प्लेसमेंट प्रक्रिया, उद्योग साझेदारी, कौशल विकास कार्यक्रमों और करियर मार्गदर्शन अनुशासन संबंधी नियमों, परिसर सुरक्षा और व्यवहारिक दिशानिर्देशों की जानकारी दी गई। उद्घाटन सत्र के अंत में रजिस्ट्रार डॉ. हेमेन्द्र शर्मा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इंडक्शन प्रोग्राम छात्रों को विश्वविद्यालय परिवार का अभिन्न अंग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उद्घाटन सत्र की शुरुआत दीप प्रज्वलन समारोह के साथ हुई, जिसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पारंपरिक रीति से दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलन के पश्चात विश्वविद्यालय का परिचयात्मक वीडियो प्रदर्शित किया गया, जिसमें परिसर की सुविधाओं, शैक्षणिक उपलब्धियों और समग्र विकास के अवसरों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद कुलगीत की भावपूर्ण प्रस्तुति हुई, जिसने पूरे सभागार में गर्व और एकता का वातावरण बना दिया। छात्रों द्वारा दिए गए संक्षिप्त संबोधन में नवागंतुकों ने विश्वविद्यालय में आने की अपनी भावनाओं और अपेक्षाओं को व्यक्त किया। इसके पश्चात खेल क्लब का परिचय दिया गया, जिसमें छात्रों को खेल गतिविधियों, टूर्नामेंट और शारीरिक विकास के अवसरों के बारे में बताया गया। गोल्डन पेन क्लब ने साहित्यिक लेखन, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की गतिविधियों का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि मंच क्लब ने नाट्य कला, मंच प्रदर्शन और सार्वजनिक बोलने के कौशल से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। क्रयाक्रमों के क्रम में सोसायटी एवं क्लबों के अंतर्गत एक्सप्रेशंस, बीट द बीट्स, रज्जमाटाज, सुर झंकार और ओपन माइक क्लबों द्वारा जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन क्लबों ने नृत्य, संगीत, गायन और खुले मंच के माध्यम से छात्रों की प्रतिभा को प्रदर्शित किया। तकनीकी सोसायटी के टेक फ्यूजन क्लब और सोशल मीडिया क्लब ने तकनीकी नवाचार, डिजिटल कौशल और सोशल मीडिया प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों का परिचय दिया। रचनात्मक सोसायटी के सृजन और स्नैपशॉट क्लब ने कला, डिजाइन और फोटोग्राफी के क्षेत्र में छात्रों के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला। बिजनेस सोसायटी के बिजनेस कंसल्टेंसी क्लब और स्टॉक एक्सचेंज क्लब ने व्यवसायिक परामर्श, शेयर बाजार और उद्यमिता से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। विभिन्न क्लबों और सोसायटियों की प्रस्तुतियों ने नवागंतुक छात्रों को विश्वविद्यालय की समृद्ध सांस्कृतिक, तकनीकी, रचनात्मक और व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। इंडक्शन’26 का दूसरा दिन 6 अगस्त को आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रेरक व्याख्यान, एनसीसी, सामुदायिक सेवा सोसायटी की गतिविधियां, खेल, सोशल मीडिया इवेंट्स, मिस्ट्री हंट तथा डीजे कार्यक्रम शामिल हैं।




0 टिप्पणियाँ