Barabanki News... बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी पढ़ाई को समझना और उन्हें सीखने के लिए प्रोत्साहित करना शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने विकास खण्ड बंकी के प्राथमिक विद्यालय पलिया मसूदपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया और सहज वातावरण में प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षिक समझ का आकलन किया। कक्षाओ में पहुंचकर जिलाधिकारी ने बच्चों से गणित का सवाल ब्लैक बोर्ड पर हल करवाया। सवाल हल करने की प्रक्रिया के दौरान ही उन्होंने बच्चों को प्रश्न को आसानी से समझने और कम समय में सही उत्तर तक पहुंचने की आसान ट्रिक एवं विधि समझाई। इसी दौरान छात्रा जान्हवी ने सवाल को सही ढंग से हल कर दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने उसकी सराहना करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की तथा शिक्षण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय में मिलने वाले मिड-डे मील के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। बच्चों से पूछा कि आज भोजन में क्या मिला है और भोजन की गुणवत्ता कैसी थी। उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षिक एवं मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रसोईघर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में ही स्थित आंगनबाड़ी केंद्र व आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही बहुउद्देश्यीय पंचायत भवन पलिया मसूदपुर का निरीक्षण करते हुए उसके उपयोग एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं पंचायत भवन जैसी जनोपयोगी संस्थाओं में साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों एवं आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी लाभ मिल सके।



0 टिप्पणियाँ