Barabanki News... लखनऊ में कोचिंग सेंटर में विभत्स आग की घटना में कई लोगों की मौत के बाद मंगलवार को जिला प्रशासन हरकत में आया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उपजिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल एवं क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार के नेतृत्व में एफ एस ओ राहुल सिंह एवं उनकी टीम के साथ शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान कई कोचिंग सेंटरों में बड़े पैमाने पर खामियां मिलीं।
एसडीएम और सीओ की छापेमारी के दौरान जहां बस स्टॉप के पास न्यू महिंद्रा कोचिंग में मानकों के अनुरूप भवन नहीं था साथ ही इमरजेंसी निकासी भी ठीक नहीं थी। वहीं मौरंग मंडी के निकट स्थित skd एकेडमी बंद मिली। भवन के चारों शटर में ताला लगा मिला, जो दाल में कुछ काला होने का संकेत देता है। भवन मानक अनुरूप नहीं है या उसमें अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं । वहीं कचहरी रोड सेंट एंथोनी स्कूल के निकल एकेडमिक गुरु कोचिंग में आपातकालीन निकासी द्वार , अग्निशमन यंत्र आदि सही पाए गए । ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सभी से भवन संबंधी दस्तावेज भी तत्काल दिखाने को कहा है , साथ ही जो भवन बंद मिले अथवा मानक विहीन मिले उसे विनियमित क्षेत्र से नोटिस भेजने की बात भी कही है एवं फायर विभाग के द्वारा संबंधित कार्यवाही हेतु भी निर्देशित किया है । टीम यह जांच कर रही है कि कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं और नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं।प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में खामियां मिलेंगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल शहर में चल रही इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है ।

0 टिप्पणियाँ