ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki: देवा मेला - DM का अल्टीमेटम, दो दिन में दूर हों खामियां

 


रिपोर्ट-सैफ मुख्तार

Barabanki News... जिलाधिकारी/देवा मेला कमेटी के अध्यक्ष श्री शशांक त्रिपाठी ने शनिवार को देवा मेला ऑडिटोरियम में अधिकारियों व मेला कमेटी के सदस्यों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की और बाद में मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस बार देवा मेला 2025 को भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, लेकिन तैयारियों में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

 निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी कई विभागों की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां खामियां मिली हैं, उन्हें दो दिन के भीतर दूर किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को समय से पूरा करें, लापरवाही पर सीधे कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। 

जायरीन की सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी : एसपी 
 पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जायरीन की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र को 5 जोन और 13 सेक्टर में बांटा गया है। 150 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी होगी। महिला पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात रहेगा, साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। उन्होंने कहा कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस मौजूद रहेगी ताकि जायरीन निर्भय होकर मेले का आनंद उठा सकें। 

 स्वास्थ्य, परिवहन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विशेष जोर 
 जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को मेला परिसर में अस्थाई अस्पताल/कैंप, पर्याप्त चिकित्सक और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फायर सर्विस और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाएगी। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने और रूट डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। डीएम ने कहा कि छात्रों के आने-जाने और मंच व्यवस्था को सुचारू किया जाए।

साफ-सफाई और पेयजल की प्राथमिकता 
 डीएम ने कहा कि मेले में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। स्वच्छ पेयजल के लिए नल और टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। अस्थाई शौचालय समय पर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। 

समीक्षा बैठक और निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, एडीएम (न्यायिक) राजकुमार सिंह, एसडीएम नवाबगंज आनंद कुमार तिवारी, डिप्टी कलेक्टर मधुमिता सिंह, एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, बीएसए संतोष कुमार देव पांडेय, चेयरमैन नगर पंचायत देवा हारून वारसी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ