Barabanki News... उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को जनपद बाराबंकी स्थित बड़ेल कार्यालय में जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके प्रभावी समाधान एवं क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शिक्षक समुदाय द्वारा बढ़-चढ़कर सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य न लिए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा जनपद सीतापुर की महिला प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने के प्रकरण पर जिला कार्यकारिणी ने कड़ा विरोध एवं रोष व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि बेसिक शिक्षा नियमावली में विभागीय कार्यवाही का स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए प्रकरण में शीघ्र सुनियोजित कार्यक्रम के माध्यम से कड़ा विरोध दर्ज कराने की रणनीति तैयार की।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर, विकासखंड हैदरगढ़ के सहायक अध्यापक श्री मोहम्मद खालिद अंसारी को सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद बाराबंकी का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने उन्हें मनोनयन पर बधाई देते हुए संगठन के प्रति निष्ठा एवं शिक्षक हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।
जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों से जुड़े प्रत्येक विषय पर गंभीरता से कार्य कर रहा है। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं विभिन्न ब्लॉकों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव रखे तथा शिक्षक हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में मुख्य रूप से नीरज कुमार वर्मा, अफजाल अहमद, मान सिंह, विजय सिंह यादव, सुधीर चौधरी, सौरभ वर्मा, शैलेन्द्र कुमार, जितेंद्र यादव, रोहित सिंह, संतोष कुमार, अभय प्रताप, विश्वनाथ सिंह, रवि कुमार, शाबान अहमद , इंद्रजीत सिंह सहित अनेक शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ