Barabanki News... दीपावली पर्व के दृष्टिगत प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार यूपी ट्रेड शो-2025 के अंतर्गत बुधवार को नगर के जीआईसी ऑडिटोरियम में “स्वदेशी मेला-2025” का प्रदेश के आबकारी एवं मध्य निषेध विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को मूर्त रूप देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में यू0पी0 ट्रेड शो एवं स्वदेशी मेले जैसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, हस्तशिल्पियों, बुनकरों एवं सूक्ष्म उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति देते हैं, बल्कि स्थानीय उद्यमिता, स्वावलम्बन व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक “मेक इन इंडिया” के साथ “बाय लोकल” की भावना को अपनाए। उन्होंने जिले के व्यापारियों, उद्यमियों और नागरिकों से अपील की कि वे दीपावली पर्व पर स्वदेशी उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता दें, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और जनपद के कारीगरों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित हो सकेगा।उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेला परंपरा, संस्कृति और स्थानीय कला का जीवंत संगम है, जहां एक ओर पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं वहीं आधुनिक तकनीक से निर्मित नवीन उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उन्होंने मेले में लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण कर विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और कारीगरों से संवाद कर उनके कार्य की सराहना की।
09 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित रहेगा स्वदेशी मेला
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने बताया कि 09 से 18 अक्टूबर 2025 तक स्वदेशी मेला-2025 प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। मेले में विभिन्न विभागों, स्व-सहायता समूहों, एमएसएमई इकाइयों, हथकरघा, खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पादों सहित अनेक आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। कार्यक्रम में जनपद के विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, पूर्व विधायक रामनगर शरद कुमार अवस्थी, राजकुमारी मौर्य, व्यापार मंडल एवं यूनियन प्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Give priority to indigenous products: Nitin Agarwal

0 टिप्पणियाँ