Barabanki News... प्रार्थना सभा में प्रतिदिन टॉपिक आधारित भाषण अलग-अलग बच्चों से कराया जाये, जिसका उद्देश्य केवल औपचारिकता न होकर बच्चों के वाचिक अभिव्यक्ति, मंच संचालन एवं आत्मविश्वास में वृद्धि हो सके। इसके साथ ही अच्छे बच्चों की ब्लाक व जनपद स्तर पर प्रतियोगिताएं भी कराई जायें। यह बात जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में आहूत जिला शिक्षा परियोजना समिति की बैठक में कहीं। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित समस्त जिला समन्वयक व खण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री सन्तोष कुमार देव पाण्डेय ने विभागीय प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।
कम नामांकन वाले स्कूलों में नामंकन बढ़ाने के निर्देश
इस मौके पर जिलाधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने विकास खण्ड के ऐसे 20 विद्यालय प्रति सप्ताह चिन्हित करेंगे जहाँ पर नामांकन सबसे कम है व सुधार की जरूरत है, सम्बंधित विद्यालयों को नोटिस जारी करते हुए नामांकन बढाने के निर्देश दिये जायें तथा नियमित समीक्षा भी करें। सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने विकास खण्ड के ऐसे 20 विद्यालय प्रति सप्ताह चिन्हित करेंगे जहाँ पर पढ़ाई का स्तर संतोषजनक नहीं है, को नोटिस जारी करते हुये शिक्षण अधिगम स्तर बढाने के निर्देश दिये जायें तथा नियमित समीक्षा करें। ऐसे बच्चे को कमजोर हों उन पर शिक्षकों द्वारा अधिक ध्यान दिया जाये, जिन बच्चों अपने अधिगम स्तर मे सुधार कर लिया है उनको प्रोत्साहित करते हुये सम्मानित किया जाये।
विद्यालयों में मूलभूत आवश्यकताओं की सूची बनाने के निर्देश
उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प के संतृप्तीकरण तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में मूलभूत आवश्यकताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अपर्याप्त नामांकन वाले विद्यालयों की पेयरिंग, बाल वाटिका संचालन, डीबीटी, मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत विद्यालयों के निरीक्षण एवं विद्याज्ञान परीक्षा में रजिस्ट्रेशन आदि कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिषदीय विद्यालयों में छात्र/छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करायी जाये।

0 टिप्पणियाँ