Barabanki News... रेलवे सुरक्षा बल ने सफदरगंज-रसौली रेलवे स्टेशन के बीच केबल चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
आपको बता दें कि सफदरगंज-रसौली रेलवे स्टेशन के बीच 19 कोर की 6-6 मीटर केबल दो बार चोरी हो गई थी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पूरे मामले में निरीक्षक द्वारा टीम गठित कर सीआईबी और लखनऊ के टीम के साथ मिलकर मामले के खुलासे में टीम लगी हुई थी।
इसी बीच मुखबिर की सूचना पर टीम ने बब्लू राजपूत उर्फ शनी पुत्र संतोष, पिंटू पुत्र गिरिजा,पलटू पुत्र तूफानी चंगा उर्फ राजू पुत्र गुड्डू समेत खरीदने वाले उमाकांत पुत्र छेदालाल समेत पांच अभियुक्तों को सफदरगंज के पास से गिरफ्तार किया है। आरपीएफ टीम ने इनके पास से चोरी का सिग्नल और केबल भी बरामद किया है। सभी को गिरफ्तार कर एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि यह लोग पहले ईंट भट्टे पर काम करते थे। इसके बाद ईंट भट्ठे पर काम बंद हो गया था। इसलिए अपना खर्च चलाने के लिए और नशा करने के लिए यह सब रेलवे की संपत्ति चोरी करने लगे। फिलहाल कोर्ट में पेश होने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

0 टिप्पणियाँ