ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki: सावन के आखिरी सोमवार से पहले महादेवा मेला क्षेत्र में उतरा करंट, दो की मौत

 

Barabanki News... जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के श्रीलोधेश्वर महादेवा के मेला क्षेत्र में रविवार दोपहर बिजली के खंभे में करंट उतरने से दो युवकों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादले के बाद मेला परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रामनगर सीएचसी में भर्ती कराया। स्थानीय लोग इस घटना के पीछे बिजली विभाग की लापरवाही मान रहे हैं। 

 प्राप्त जानकारी के मुताबिक श्रीलोधेश्वर महादेवा के मेला क्षेत्र में रविवार दोपहर 3 बजे महादेवा चौकी के पास बिजली के खंभे में अचानक करंट उतरा। उस समय मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर रहे थे। इसी दौरान सौली थाना क्षेत्र के गुलारिहा गांव का होसला पुत्र दशरथ (32) करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के प्रयास में पास में मौजूद गोबरहा गांव के दुकानदार संजय पुत्र नन्हे (38) भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति कटवाई और दोनों घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि पोल में पहले से करंट आने की शिकायत कई बार अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 प्रशासन के मुताबिक पुलिस चौकी महादेवा के निकट की मार्केट में प्रथम तल पर स्थित एक फोटो स्टूडियो को जाने वाली लोहे की सीढ़ियों में दुकान की आंतरिक वायरिंग से करंट आ जाने के कारण ये हादसा हुआ है। तत्काल दोनों को सी एच सी रामनगर ले जाया गया जहाँ डॉक्टर द्वारा दोनों की मृत्यु की पुष्टि की गई। पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत अहेतुक सहायता प्रदान करने की कार्रवाई तहसील प्रशासन द्वारा की जा रही है। घटना महादेव मंदिर क्षेत्र से बाहर की है।

Two killed in Mahadeva Mela area ahead of last Monday of Shravan

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ