Barabanki News... जिले की बड्डूपुर पुलिस टीम ने चोरी की 02 घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए अन्तर्जनपदीय 02 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के जेवरात, नगदी, पिपरमिंट तेल, चोरी करने के उपकरण, एक अदद अवैध तमंचा व घटना में प्रयुक्त एक अदद वाहन बरामद किया गया है।
आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने हेतु अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को बड्डूपुर पुलिस टीम द्वारा मैनुअल इंटेलीजेन्स के आधार पर चोरी की 02 घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए 02 अन्तर्जनपदीय शातिर चोर मंगल उर्फ राजू पुत्र काशीराम और जियालाल उर्फ मनोज निषाद पुत्र मुन्नालाल निवासीगण कन्दौली थाना फखरपुर जनपद बहराइच को रहिलामऊ पुल, ग्राम सदरापुर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण के कब्जे से चोरी किया गया जेवरात, 14960 रुपये नकद, साड़ी, पिपरमिन्ट तेल, चोरी करने के उपकरण, एक अदद अवैध तमंचा मय दो अदद जिन्दा कारतूस .12 बोर व घटना में प्रयुक्त एक अदद वाहन मारूति-800 कार यूपी 32 सी 1260 बरामद किया गया।
पूछताछ पर ज्ञात हुआ कि अभियुक्तगण द्वारा जनपद के आस-पास के जनपदों में बरामद वाहन से घूम-फिर कर रेकी करते हुए चोरी की घटना को अंजाम देते है एवं चोरी किए गए सामान को बेचकर प्राप्त रूपयों को ऐशोआराम में खर्च करते है। अभियुक्तगण द्वारा अपने अन्य साथी रामतेज उर्फ सुनील के साथ मिलकर करीब 10-12 दिन पूर्व थाना बड्डूपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम शैलीकीरतपुर में व करीब 15 दिन पूर्व जमुआ गांव में चोरी करना स्वीकार किया गया। वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा प्रयास किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ