Barabanki News... कलेक्ट्रेट के लोकसभागार में ईद-उल-अजहा (बकरीद) व शनिवार को आयोजित होने वाले भंडारों को लेकर DM शशांक त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, प्रशिक्षु आईएएस तेजस के, सभी एसडीएम व जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शांति समिति बैठक की। बैठक में जनपद से विभिन्न समुदायों के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि व समाजसेवी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले बधाई देते हुए बैठक में भाग लेने वाले संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं से सुरक्षा संबंधी सुझावों के आदान-प्रदान करने को कहा। साथ ही सभी से एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।

 बैठक में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा है कि खुले व सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी नहीं दी जाएगी। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी ना करें। सड़क पर नमाज अदा न करें। साथ ही कोई भी नई परंपरा प्रारंभ नहीं होने दी जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि कुर्बानी के फ़ोटो व वीडियो न बनाये जाए और न ही उनको सोशल मीडिया पर शेयर/अपलोड किया जाए। कोई नई परम्परा न डाली जाए। यातायात न बाधित हो, सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए। 

 मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अवधेश कुमार यादव ने स्वास्थ्य सम्बंधित समस्याओं के विषय में जानकारी दी और कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला अस्पताल सहित सीएचसी पीएचसी पर चिकित्सकों से जरूरी परामर्श लें। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि सभी को जागरूक करें कोई नई परम्परा न डाली जाए। कुर्बानी से सम्बंधित फ़ोटो वीडियो न अपलोड की जाए। अफवाहों को पुलिस प्रशासन से वेरिफाई कर ले, उन्हें शेयर न करें। सब लोग शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार को सम्पन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। कुर्बानी के बाद अवशेषों को नगर पंचायत की गाड़ियों में निर्धारित स्थान पर गड्ढों में ही दबाएं। पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि अगर कोई असामाजिक तत्व सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करता है या फिर किसी भी प्रकार की आपराधिक अवांछित गतिविधि करता दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाने की पुलिस को दे, ताकि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, बल्कि अफवाह की पुष्टि अधिकारियों से करें। सौहार्दपूर्ण वातावरण का माहौल बनाए रखने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। इसके साथ ही डीएम व एसपी ने सभी से अपील की है कि इंटरनेट मीडिया पर ऐसे कमेंट या पोस्ट न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हो। किसी भी प्रकार की भड़काऊ, गलत व अशोभनीय पोस्ट शेयर न करें। बैठक में प्रशिक्षु तेजस के, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी, सभी एसडीएम, ईओ नगर पालिका, सभी नगर पंचायतों के ईओ, अधीक्षण अभियंता विद्युत, एक्सईएन जलनिगम, सहित जनपद के पीस कमेटी के सम्मानितजन, संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

त्योहार मनाने में ना आने पाए किसी प्रकार की समस्या : डीएम 
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा देवा महादेवा की पावन धरती पर आयोजित सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में आये हुए सभी सम्भ्रांतजनों को मैं हार्दिक धन्यवाद देता हूँ। सभी लोग पीस कमेटी की बैठक के सन्देश को आगे बढ़ाए। जनपद स्तरीय अधिकारी समय से सभी तैयारियां पूरी कर लें। विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति और साफ-सफ़ाई के इंतजाम सुनिश्चित कर लें। रास्ते में आवारा पशु न दिखाई दे। किसी प्रकार की कोई दिक्कत त्योहार में मनाने में ना आने पाए, जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी ना होने पाए। फ़ोटो, वीडियो और रील आदि सोशल मीडिया पर किसी भी दशा में कोई शेयर/अपलोड ना करे, रास्तों पर नमाज ना पढ़ी जाये और यातायात बाधित ना होने पाए। शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार को मनाए।