ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki: पिपरमेंट की टंकी में ईंधन झोकते वक्त किसान की बिगड़ी तबियत, मौत

 

Barabanki News... जिले के दरियाबाद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर मेंथा की टंकी के पास बैठे किसान की अचानक तबियत खराब होने से मौत हो गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया। वहीं घरवालों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। 

 प्राप्त जानकारी के मुताबिक दरियाबाद थाना क्षेत्र के फूटहागंज गांव में रविवार को एक किसान खेत में मेंथा टंकी के पास बैठकर ईंधन झोंक रहे था, तभी उसे अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से हालत गंभीर बताकर उन्हें सीएचसी टिकैतनगर रेफर कर दिया गया। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

 सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय ने दोपहर करीब एक बजे घटना की सूचना दरियाबाद पुलिस को दी, लेकिन पुलिस तीन घंटे बाद करीब चार बजे मौके पर पहुंची। इस दौरान किसान का शव सीएचसी में ही पड़ा रहा, जिससे परिजन और ग्रामीणों में नाराजगी दिखी। परिजनों का कहना था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय से कार्रवाई नहीं की। पुलिस के पहुंचने पर टिकैतनगर कोतवाल रत्नेश पांडेय और दरियाबाद कोतवाल ने सीएचसी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में मौत प्राकृतिक मानी जा रही है। परिजनों ने किसी पर संदेह न जताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा। कोतवाल दरियाबाद का कहना है कि किसान मेंथा की टंकी में आग झोंक रहे थे, तभी तबीयत खराब हुई। परिजन जब तक उन्हें सीएचसी लाए, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस की ओर से औपचारिक जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ