ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki:दुकानदार का भरोसा जीतकर देते थे झांसा, सोनार की दुकान से सोने के सिक्के उड़ाने वाले टप्पेबाज धरे गए

 

Barabanki News… स्वाट और सर्विलांस और देवा थाने की सुंयक्त पुलिस टीम ने 3 टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर लिया है। इन तीनों ने देवा कस्बे में सोनार की दुकान से तीन सोने के सिक्के उड़ा दिए थे। इनके कब्जे से सोने व चांदी के सिक्के, तमंचा, व मोटरसाइकिल बरामद की गई है। 

दरअसल 14 मई को वादी कानपुर नगर के घाटमपुर दक्षिणि थाना क्षेत्र के आशानगर,कोटद्वार के पंकज सोनी पुत्र स्व0 रामसुन्दर सोनी ने सूचना दिया कि वह कस्बा देवा के श्रीकान्त सोनी के मां वैष्णवी ज्वैलर्स की दुकान पर काम करता है। 12 व 13 मई को हिमांशु नाम के व्यक्ति द्वारा उसकी दुकान से सोने के सिक्के खरीदे गये तथा 03 और सोने के सिक्कों की डिमाण्ड की गई। 14 मई को हिमांशु अपने साथी के साथ दुकान पर आकर 3 सोने के सिक्कों को देखने के बहाने उसे चकमा देकर सिक्के लेकर भाग गये। उक्त सूचना पर थाना देवा में हिमांशु व अन्य के खिलाफ केस पंजीकृत किया गया। 

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा घटना के अनावरण एवं संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। इसी क्रम में स्वाट/सर्विलांस व देवा थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने तीन अभियुक्तों लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र के शाहनजफ इमामबाड़ा राणा प्रताप मार्ग मकान नं 43 के मो सलीम पुत्र मो रफीक, लखनऊ के ही वजीरगंज थाना क्षेत्र के रिवरगंज कॉलोनी गोलागंज के अजीम अहमद पुत्र बल्लु सिद्दिकी और लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र के शाहनजफ इमामबाड़ा राणा प्रताप मार्ग मकान नं 41 के मो रफीक पुत्र मो जलाली को बुधवार को सिपहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्तगण के कब्जे से 2 अदद पीली धातु के सिक्के, 1 अदद सफेद धातु का सिक्का, 2 अदद तमंचा मय 2 अदद जिन्दा कारतुस .315 बोर, 3 अदद मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त एक अदद चोरी की मोटर साइकिल बरामद किया गया। 

 पूछताछ एवं जांच से प्रकाश में आया कि अभियुक्तगण का एक गिरोह है, जिनके द्वारा अन्य जनपदों में भी ठगी की ऐसी घटनाएं कारित की जा चुकी हैं, जिसके सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी की जा रही है। अभियुक्तगण द्वारा पहले ज्वैलर्स का विश्वास जीतने के लिए उसकी दुकान पर जाकर पहले रूपये देकर ज्वैलरी खरीदा जाता है तथा और अधिक ज्वैलरी की डिमांड की जाती है। फिर उसके लिए अपना फर्जी नाम बताकर कुछ एडवांस धनराशि देकर ज्वैलरी की बुकिंग की जाती है एवं निश्चित तिथि पर दुकान पहुंचकर ग्राहक को बातों में उलझाकर उसे चकमा देकर ज्वैलरी लेकर भाग जाते हैं। बरामद मोटरसाइकिल अभियुक्तगण द्वारा कमिश्नरेट लखनऊ के थाना इन्दिरा नगर से चोरी की गई है, जिसके सम्बन्ध में जानकारी की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ