Barabanki News... परिषदीय विद्यालय से निकलकर बाल वैज्ञानिक बनी पूजा व शिक्षक राजीव श्रीवास्तव को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 

 आपको बता दें कि 9 से 10 अक्टूबर 2023 को नई दिल्ली के इंदिरागांधी स्टेडियम में इन्सपायर अवार्ड मानक योजना 2021 के राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। इसमें अयोध्या मण्डल से जनपद के विकास खण्ड सिरौलीगौसपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय अगेहरा की कक्षा 8 की छात्रा पूजा को अपने नवाचारी मॉडल को प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हुआ। बाल वैज्ञानिक पूजा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में पूरे भारतवर्ष से कुल 60 उत्कृष्ट बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया, जिसमें प्रदेश से उसका चयन हुआ। 

 पूजा ने अपने मार्गदर्शक शिक्षक राजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में नवाचारी थ्रेसर-भूसा पृथक्करण मशीन का मॉडल प्रस्तुत किया था। शिक्षक राजीव श्रीवास्तव बताते है कि छात्रा पूजा के नवाचारी मॉडल में गेंहू की मड़ाई के समय थ्रेसर मशीन से निकलने वाले भूसे व भूसे के साथ वातावरण में प्रदूषण के रूप में फैलने वाली धूल को रोकना है। क्योंकि धूल व गन्दगी से उत्तर प्रदेश राज्य की एक बड़ी आबादी अस्थमा जैसी कई बीमारियों का शिकार भी होती हैं। वहीं पूजा की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय ने बधाई दी। 

 आपको बता दें कि गरीबी और सीमित संसाधनों के बीच भी अपनी लगन, प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच से देश का नाम रोशन कर रही पूजा ने एक धूल रहित थ्रेसर मॉडल विकसित किया है, जो गेहूं की मड़ाई के दौरान निकलने वाली धूल को थैले में जमा करता है। इससे न केवल मड़ाई की गुणवत्ता बेहतर होती है, बल्कि आसपास के बच्चों व किसानों को सांस लेने में होने वाली परेशानी भी कम हो जाती है। 

डलईपुरवा मजरे विरौली की रहने वाली पूंजा पुत्तीलाल पाल की बेटी है, जो एक सामान्य मजदूर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनका परिवार फूस की झोपड़ी में रहता है। पूंजा वर्तमान में उच्च प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में कक्षा आठ की छात्रा हैं। चार वर्ष पूर्व जब स्कूल में वे पढ़ रही थीं, तब उन्होंने देखा कि थ्रेसर से निकलने वाली धूल से बच्चों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने अपने विज्ञान शिक्षक से इस समस्या का समाधान सुझाया और फिर अपनी मेहनत और लगन से धूल रहित थ्रेसर का मॉडल तैयार किया। इस कार्य के लिए उसे जापान भी बुलाया गया है।

Salute to the courage and work of child scientist Pooja, DM honored