रिपोर्ट-शाह आमिर
Ayodhya News.... अपोलो हॉस्पिटल लखनऊ और असकरी क्लीनिक के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को रुदौली में विशाल मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर में 750 से अधिक मरीज़ों ने स्वास्थ्य जांच और नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाया। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में अपोलो हॉस्पिटल लखनऊ के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने भाग लिया और विभिन्न रोगों से ग्रस्त मरीज़ों का परामर्श व उपचार किया। शिविर की शुरुआत मरीज़ों की बीपी और शुगर जांच से हुई, जिसके उपरांत विशेषज्ञ डॉक्टरों ने रोगियों की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें उचित सलाह और दवा दी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम में कोलेरेक्टल व जनरल सर्जरी के डॉ. वासिफ रज़ा, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. असना नक़वी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वरुण कुमार सिंह, कैंसर रोग विशेषज्ञ विशेषज्ञ डॉ. नबीला अंजुम, मूत्र एवं किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. वेद भारस्कर, कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. वसुधा सिंह और हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. साद मोहम्मद शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक राम चन्द्र यादव ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की ओर से मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीज़ों को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं गरीब और वंचित वर्ग के लिए संजीवनी का कार्य करती हैं और सरकार इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रयासरत है।
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ निहाल रज़ा ने कहा कि जनता की सेवा ही असली इबादत है। जो लोग समय, साधन या जानकारी के अभाव में इलाज से वंचित रह जाते हैं, ऐसे लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा पहुँचाना हमारा कर्तव्य है। यह शिविर उसी उद्देश्य की एक कड़ी है। उन्होंने अपोलो हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल मरीज़ों को राहत मिलती है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भाग लिया।
Mega health camp in Rudauli, free treatment of 750 patients

0 टिप्पणियाँ