Barabanki News... पूर्व मंत्री और रामनगर से सपा विधायक हाजी फरीद महफूज किदवाई ने मीडिया में प्रसारित अपनी संन्यास की खबरों खंडन किया है। उन्होंने खबरों को गलत बताते हुए कहा है कि वो ना सिर्फ अपना ये कार्यकाल पूरा करेंगे,बल्कि आने वाले चुनावों में दोबारा जीतकर फिर से जनता की सेवा करेंगे। फरीद का ये स्पष्टीकरण सपा के उन मुस्लिम नेताओं के लिए बड़ा झटका हो सकता है,जो फरीद महफूज किदवाई के संन्यास के कयासों के बीच रामनगर समेत कई सीटों पर टिकट की चाह में परिक्रमा कर रहे थे।
मीडिया में फरीद महफूज किदवाई के संन्यास के कयास की खबरें प्रसारित होने के बाद उन्होंने 26 सेकेंड का एक वीडियो जारी कर कहा है कि मुझे मालूम हुआ है कि किसी अखबार ने मेरे बारे में लिखा है कि मैं राजनीति से संन्यास ले रहा हूं। ये बात सरासर गलत है। उन्होंने कहा मैं पूरी तरह से सियासत में शामिल रहूंगा। पूरा कार्यकाल पूरा करूंगा और अगला चुनाव भी लड़ूंगा,जीतूंगा और अपने क्षेत्र के लोगों की सेवा करता रहूंगा।
आपको बता दें कि फरीद महफूज किदवाई ने अपने संन्यास के कयासों के बीच शुक्रवार को अपने चुनावी क्षेत्र के मेलारायगंज में एक मुशायरे की अध्यक्षता करते हुए कहा था कि अब मैं अपनी जिंदगी की शाम में पहुंच चुका हूं। आप लोगों के सहयोग से जिंदगी का अब तक का वक्फा स्व रफी अहमद किदवाई के आदर्शों पर चलते हुए गुजरा है। इस बीच बगैर किसी महत्वाकांक्षा के जनसेवा का पुनीत कार्य किया है, लेकिन अब जब मैं जिंदगी के शाम के पहर में मैं पहुंच रहा हूं, तो यहां से अब मैं इसे खैराबाद कहना चाहता हूं और नई नस्ल को मौका देना चाहता हूं,ताकि हमारी नई नस्ल के लोग अपनी शानदार विरासत पर अमल करते हुए आप लोगों की खिदमत कर सकें।
दरअसल समाजवादी पार्टी में जिले में खेमों में बंटी समाजवादी पार्टी के अंदर कद्दावर मुस्लिम नेता और 6 बार के विधायक हाजी फरीद महफूज की उम्र और दूसरे कारणों से उनके संन्यास के कयास जोरों पर लगाए जा रहे हैं। यही वजह है कि उनकी रामनगर समते दूसरी सीटों पर कई मुस्लिम सपा नेता ताल ठोकते नजर आए थे, लेकिन फरीद महफूज किदवाई के अपने संन्यास के कयासों पर विराम लगाने से सपा में मुस्लिम टिकटार्थियों को बड़ा झटका जरुर लग सकता है। वजह ये है कि नई सपा की नई हवा में जिले में एक से ज्यादा मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट मिलने के कोई संभावना नहीं है। ऐसे में जब फरीद महफूज ने स्पष्ट कर दिया है कि वो अगला चुनाव लड़ेंगे, तो सपा के मुस्लिम टिकटार्थियों के अरमानों पर पानी जरुर फिरेगा।
Fareed puts an end to speculations, gives a blow to SP's Muslim ticketholders, says – will contest next election too

0 टिप्पणियाँ