Barabanki News... नगर के पल्हरी प्रक्षेत्र प्रांगण में बुधवार को जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं सब मिशन आन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एण्ड टेक्नालॉजी (आत्मा) योजनान्तर्गत जनपद स्तरीय किसान मेला एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार द्वारा खरीफ में कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अन्तर्गत प्रदर्शनों के आयोजन एवं सामयिक कृषि तकनीकी के सम्बन्ध में किसान भाइयों को अवगत कराया गया। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सम्बन्ध में भी किसान भाइयों को अवगत कराया गया। जिला कृषि अधिकारी ने कृषि निवेशों की उपलब्धता की जानकारी दी गई। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार द्वारा खरीफ फसलों में कीट नियंत्रण एवं आईपीएम प्रबन्धन की जानकारी दी गई। भूमि संरक्षण अधिकारी, कुर्सी, डॉ विनोद कुमार यादव द्वारा पराली प्रबन्धन एवं उससे खाद बनाने की जानकारी दी गई। पद्मश्री राम सरन वर्मा ने धान की सीधी बुवाई से होने वाले लाभ एवं लागत में कमी के सम्बन्ध में किसान भाइयों का अवगत कराया। साथ ही जैविक खाद एवं गौ आधारित खेती के बारे में भी बताया गया।
प्रगतिशील कृषक आनन्द मौर्य ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती जबकि श्री रामू मौर्य द्वारा मिलेट्स की खेती से आय में वृद्धि की जानकारी दी। अधिशाषी अभियन्ता, सिंचाई द्वारा नहरों के संचालन एवं सफाई के सम्बन्ध में जानकारी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने कृषकों को सम्बोधित करते हुये कहा कि किसान सबसे ज्यादा अपने जैसे किसानों की प्रगतिशील खेती देखकर प्रेरित होता है और उससे सीखकर उसे अच्छी गुणवत्ता एवं उच्च उत्पादन की तकनीकें व्यवहारिक रूप से करने हेतु उत्सुक रहता है। जनपद में कई क्षेत्रों में अत्यन्त प्रगतिशील किसान हैं, जो अन्य किसानों के लिये रोल माडल हैं एवं किसान भाई उनसे खेती की नई तकनीकी एवं विविधीकरण के माध्यम से आय वृद्धि की तकनीकें सीख सकते हैं। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि अपनी कृषि से सम्बन्धित सामयिक समस्यायें सीधे सम्बन्धित अधिकारियों को बतायें ताकि शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर किसान महोत्सव का भी आयोजन किया गया। जिसके अन्तर्गत जनपद के प्रगतिशील कृषक पद्श्री राम सरन वर्मा, मोइनुद्दीन, विक्रान्त सैनी, केके यादव (गुड्डू), निमित सिंह, दिनेश वर्मा, गया प्रसाद मौर्य, रामेश्वर प्रसाद, जयगोपाल, आदिल हसन, आनन्द मौर्य आदि किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की गई। अन्त में उप कृषि निदेशक द्वारा समस्त उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं कृषकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुये गोष्ठी एवं किसान मेले का समापन किया गया। गोष्ठी का संचालन कृषि विशेषज्ञ अशोक कुमार मिश्र द्वारा किया गया।
District Level Kharif Productivity Seminar felicitates district progressive farmers

0 टिप्पणियाँ