रिपोर्ट-अमित गुप्ता
Barabanki News... जिले के कुर्सी थाना क्षेत्र में शारदा नहर के पोखन्नी रेगूलेटर में रविवार को तीन दिन से लापता विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के भाई ने ह्त्या कर शव फेंके जाने की तहरीर पुलिस को दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुर्सी थाना क्षेत्र में शारदा नहर के पोखन्नी रेग्यूलेटर पर रविवार को पति से विवाद के बाद से तीन दिन से लापता अनुपमा (26) का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के पति ने तीन दिन पहले बड्डूपुर थाने में अपनी पत्नी के लापता होने की सूचना दी थी। वहीं, मायके पक्ष के लोग मामले को संदिग्ध मानकर अनुपमा की तलाश में थे। शनिवार को अनुपमा के मायके वाले खोजबीन करते हुए पोखन्नी रेगुलेटर पहुंचे, जहां उन्होंने शारदा नहर में एक महिला का शव उतराते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसके बाद पहचान की गई।
परिवार के अनुसार, मृतका का पति मुंशीलाल दो माह पहले ही खाड़ी देश से मजदूरी कर वापस आया था। लौटने के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। परिजनों ने इसे पूर्व नियोजित हत्या करार दिया है। अनुपमा के भाई ने शव देखते ही उसकी पहचान अपनी बहन के रूप में की और तत्काल थाने में तहरीर देकर पति समेत चार लोगों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है।
वहीं मृतका के भाई की तहरीर पर बड्डूपुर पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अनुपमा की मौत से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वह मिलनसार और शांत स्वभाव की थी। उसकी रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Woman's body found in canal after 3 days of dispute with husband

0 टिप्पणियाँ