Barabanki News... जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में मोटर साइकिल पर सवार युवक, मंगेतर व उसकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की एम्बुलेंस द्वारा सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाये गए घायलो में से युवक व उसकी मंगेतर को जहां डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हुई होने वाली साली को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर किया गया हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के भोगवा थाना क्षेत्र के नंदा खेड़ा गांव के आलोक कुमार 28 वर्ष का विवाह अंबेडकर नगर की संध्या (25) के साथ तय था। बताते हैं कि आलोक अपनी मंगेतर संध्या एवं उसकी छोटी बहन काजल को कानपुर से मोटरसाइकिल पर बैठाकर पूर्वांचल से अंबेडकरनगर जा रहा था। शुक्रवार की सुबह जब उसकी मोटरसाइकिल लोनी कटरा थाना क्षेत्र में किलोमीटर 20 पर नेरा कबूलपुर गांव के निकट पहुंची, तो आगे जा रही डीसीएम गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया। बताते हैं कि इस दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पलट गई और मोटरसाइकिल पर बैठे तीनों लोग डीसीएम के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एक्सप्रेसवे की राहत एवं बचाव टीम द्वारा तीनों घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया जहां पर आलोक और संध्या को मृत घोषित कर दिया गया,जबकि हेड इंजरी व पैर में फ्रैक्चर के कारण गम्भीर घायल काजल को ट्रामा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना लोनी कटरा पुलिस द्वारा परिजनों को दे दी गई है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया की दुर्घटना अज्ञात वाहन से हुई है। पता लगाया जा रहा है।
Tragic accident on Purvanchal Expressway, young man and his fiancée died

0 टिप्पणियाँ