Barabanki News... जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों गैस एजेन्सी में लूट की घटना से सम्बन्धित अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर, एक अदद खोखा व दो अदद जिन्दा कारतूस .315 बोर, एक अदद मोटरसाइकिल UP 32 EH 0082 और लूट से सम्बन्धित 6500 रूपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक शनिवार को स्वाट/सर्विलांस एवं रामनगर थाना पुलिस टीम ने लूट/चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण हेतु चेकिंग कर रही थी कि मैनुअल इंटेलीजेंस से सूचना प्राप्त हुई कि लहडरा मोड़ के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ किसी का इंतजार कर रहा है। मौके पर पहुंचने पर संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा तथा गिरफ्तारी से बचने हेतु अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस टीम द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग से बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त बुलंदशहर जिले के छतारी थाना क्षेत्र के पण्डरावल शिकारपुर के रोहित कुमार उर्फ रोहित जाट पुत्र स्व0 मानसिंह को गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर मय एक खोखा व 02 जिन्दा कारतूस .315 बोर, एक अदद मोटरसाइकिल व लूट से सम्बन्धित 6500 रूपये नगद बरामद किया गया। आरम्भिक जांच से ज्ञात हुआ है कि 27 मार्च को रामनगर थाना क्षेत्र के बुढवल गांव स्थित गैस एजेन्सी में मैनेजर व डिलीवरी मैन द्वारा कैश का हिसाब किया जा रहा था तभी अभियुक्तगण द्वारा अवैध तमंचा के बल पर जान से मारने की धमकी देकर रुपये लूट ले गये, जिस सम्बन्ध में थाना रामनगर पर केस पंजीकृत है।*

0 टिप्पणियाँ