Barabanki News... जिले के रामनगर तहसील के गर्री गांव स्थित पंचायत भवन में बुधवार को नन्हीं कली फाउंडेशन द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री तापसी पन्नू अपने पति और पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी मैथियास बो के साथ से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान तापसी पन्नू ने फाउंडेशन से जुड़े कुल 60 बच्चों से मुलाकात की और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से साइकिल, स्कूल बैग, पानी की बोतल, मेकअप किट सहित अन्य उपयोगी सामग्री उपहार में दी। अभिनेत्री ने बच्चों से व्यक्तिगत बातचीत की, उनके सपनों, पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्हें कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। तापसी ने कहा कि अब ये सभी बच्चे अपनी नई साइकिल से स्कूल जाएंगे और समय से पहुंचकर पढ़ाई करेंगे। उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर खुद भी साइकिल चलाई और उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह देखकर संतोष व्यक्त किया। मीडिया से बातचीत में तापसी पन्नू ने बताया कि नन्हीं कली फाउंडेशन से जुड़ने में उन्हें चार साल का समय लगा। उन्होंने कहा कि जब मैंने बाराबंकी के बच्चों के बारे में सुना तो मन हुआ कि खुद यहां आकर इनसे मिलूं। मेरी शादी पिछले वर्ष हुई थी और मैंने विवाह में मिलने वाले तोहफों की जगह इन बच्चों को साइकिल देने का निर्णय लिया। तापसी पन्नू ने बताया कि वो हर वर्ष बाराबंकी आकर फाउंडेशन के बच्चों से मिलती हैं और उनके शैक्षिक विकास में सहयोग करती हैं। इस वर्ष प्राथमिक विद्यालय गर्री, बिन्दौरा परसपुर और बहलोलपुर बरियारपुर से चयनित बच्चों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया था। इन बच्चों को नन्ही कली फाउंडेशन द्वारा स्कूल की छुट्टी के बाद अतिरिक्त दो घंटे की पढ़ाई करवाई जाती है। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कुछ व्यवस्थागत कमियाँ भी देखने को मिलीं। चिलचिलाती गर्मी में आए बच्चों को ना तो कोई जलपान उपलब्ध कराया गया और ना ही पीने के लिए पानी की उचित व्यवस्था थी। इस कारण बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भगवती प्रसाद यादव, ग्राम रोजगार सेवक और नन्हीं कली फाउंडेशन की पूरी टीम मौजूद रही। कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी ने मिलकर सहयोग किया, परंतु व्यवस्थागत खामियों पर भविष्य में ध्यान देने की आवश्यकता है। तापसी पन्नू का यह कदम निश्चित रूप से प्रेरणादायक है, जिससे न सिर्फ बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन मिला, बल्कि समाज को यह संदेश भी गया कि प्रसिद्ध व्यक्तित्व जब जमीनी स्तर पर जुड़ते हैं, तो सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है।
Bollywood actress Taapsee Pannu had a lot of fun in Garri village of Ramnagar tehsil, talked to the girl students, gave gifts






0 टिप्पणियाँ