ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki: सेवा संकल्प अभियान के समापन पर छात्रों ने रंगोली से साकार की विकसित भारत की संकल्पना

 

Barabanki News.... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतिम दिवस पर विकासखंड सिरौलीगौसपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय महमूदाबाद में छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली का निर्माण कर विकसित भारत के संकल्प को साकार रूप में प्रस्तुत किया गया। 

विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका प्रिया वर्मा एवं कंपोजिट विद्यालय किन्तूर में कार्यरत शिक्षिका प्रतिभा वर्मा के मार्गदर्शन में रंगोली के माध्यम से विकसित भारत, स्वर्णिम भारत, हरित भारत, डिजिटल भारत, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा, कृषि, उद्योग, पर्यटन एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया। रंगोली के विभिन्न चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से देश के उज्ज्वल भविष्य, पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी विकास, आत्मनिर्भरता तथा जनकल्याण की भावना को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त किया गया।इस रचनात्मक गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने, सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक होने तथा स्वच्छ, समृद्ध, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिली। रंगोली निर्माण ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मक सोच एवं सामूहिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया। 

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से प्रारंभ हुआ सेवा संकल्प अभियान आज 17 अक्टूबर को अपने अंतिम दिवस पर पहुंचा। अभियान के समापन अवसर पर विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि ने सेवा, समर्पण, जन जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश को सार्थक रूप से प्रस्तुत किया। 

 इस अवसर पर कल्पना वर्मा, प्रिया वर्मा, धर्मराज, आनंद प्रकाश, प्रतिभा वर्मा, देवेंद्र सिंह, विमल कुमार, रुद्रेश नाथ, मोहम्मद अरशद, फहमीना बेगम, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, प्रीति यादव, राज सिंह सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ