Barabanki News... शहर की पहचान माने जाने वाले छाया चौराहे का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। नगर पालिका परिषद ने गुरुवार से चौराहे के सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। करीब 22 लाख रुपये की लागत से यहां आधुनिक डिजाइन का आकर्षक मिनी घंटाघर बनाया जाएगा, जिसमें शहर के महापुरुषों की प्रतिमाओं को नए स्वरूप में पुनः स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही नगर के चार अन्य प्रमुख चौराहों के विकास की भी योजना तैयार की जा रही है।
सुंदरीकरण कार्य के तहत चौराहे पर स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस, बाबू जगजीवन राम, डॉ. भीमराव आंबेडकर और समाजवादी पुरोधा राम सेवक यादव की प्रतिमाओं को सुरक्षित हटाकर नगर पालिका में रखा गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इन प्रतिमाओं को नए और भव्य स्वरूप में स्थापित किया जाएगा।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि मिनी घंटाघर को आधुनिक एवं आकर्षक डिजाइन में तैयार किया जाएगा, जिससे छाया चौराहा शहर की नई पहचान बन सके। उन्होंने बताया कि चौराहे से बिजली के खंभे भी हटाए जाने हैं। इसके लिए लगभग 11 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन गुरुवार तक खंभे नहीं हट पाए थे। संबंधित विभाग से जल्द कार्य पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नगर पालिका की योजना केवल छाया चौराहे तक सीमित नहीं है। शहर के सेंट एंथोनी कॉलेज चौराहा (स्टेशन रोड), लखपेड़ाबाग चौराहा (लखनऊ-अयोध्या मार्ग), बड़ेल चौराहा (हैदरगढ़ मार्ग) तथा असेनी मोड़ चौराहा का भी चरणबद्ध तरीके से सुंदरीकरण कराया जाएगा। नगरवासियों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि बाराबंकी को एक नई और आधुनिक पहचान भी मिलेगी।

0 टिप्पणियाँ