ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki: AI आधारित शिक्षण पद्धतियों से शिक्षकों को सशक्त बना रहा SRMU, "फ्रॉम चॉकबोर्ड टू चैटबॉट: ट्रांसफॉर्मिंग टीचिंग विद AI" विषय पर विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक शिक्षण के नवाचार

 

Barabanki News... श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (SRMU) के इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च (आईईआर) द्वारा 6 जुलाई से "फ्रॉम चॉकबोर्ड टू चैटबॉट: ट्रांसफॉर्मिंग टीचिंग विद AI" विषय पर छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफ डी पी) का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित शिक्षण तकनीकों से परिचित कराना, उनके व्यावसायिक एवं अनुसंधान कौशल का विकास करना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, नवाचार-आधारित एवं तकनीक-सक्षम उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना है। 

 कार्यक्रम का शुभारम्भ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का सतत व्यावसायिक विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षण, शोध एवं नवाचार तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का आह्वान किया। 

 इस अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) ऋतु चंद्रा ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम शिक्षकों को समकालीन शैक्षिक चुनौतियों से परिचित कराने तथा उनके शिक्षण एवं अनुसंधान कौशल को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव प्रतिभागियों के शिक्षण कार्य में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे। छह दिवसीय इस एफडीपी में उच्च शिक्षा, भारतीय ज्ञान प्रणाली (इंडियन नॉलेज सिस्टम), अनुसंधान एवं प्रकाशन, डिजिटल शिक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, परिणाम आधारित शिक्षा (आउटकम बेस्ड एजुकेशन), शैक्षिक नेतृत्व तथा शिक्षण में नवाचार जैसे समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, कार्यशालाएँ एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. संदीपा कौर, डॉ. आशीष कुमार अवस्थी, डॉ. रश्मि चतुर्वेदी एवं डॉ. अपराजिता जायसवाल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा प्रतिभागियों के लिए समृद्ध एवं संवादात्मक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें नवीन शिक्षण प्रवृत्तियों, अनुसंधान पद्धतियों तथा तकनीकी नवाचारों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक दक्षता को नई दिशा प्रदान करेगा तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, नवाचारी और छात्र-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ