Barabanki News... मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सोमवार को लगाए गए आरोपों का रामनगर विधायक फरीद महफूज किदवाई ने तथ्यों और सुबूतों के साथ सफाई पेश की। श्री किदवाई ने तमाम आरोपों को निराधार बताया और करीब 180 प्रस्ताव क्षेत्र और महादेवा के विकास के लिए भेजे जाने की बात कही और उनके प्रमाण भी पेश किए।
आपको बता दें कि सोमवार को 'महादेवा' में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय विधायक फरीद महफूज किदवाई पर कई आरोप लगाए थे। बुधवार को विधायक फरीद महफूज किदवाई ने शासन को भेजे गए लगभग 180 विकास प्रस्तावों की प्रतियां पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत कीं।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए हाजी फरीद महफूज किदवाई ने कहा, "20 जुलाई 2026 को महादेवा पधारे मुख्यमंत्री ने मंच से मुझ पर जो भी आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। उनके इस कथन से मुझे गहरी ठेस पहुंची है। इसलिए आज मैं आप सबके सामने उन सभी प्रस्तावों की प्रतियां लेकर उपस्थित हुआ हूँ, जो मैंने रामनगर के विधायक के रूप में विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान और पत्राचार के माध्यम से शासन को सौंपे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "आज तक मैंने विकास के लगभग 180 प्रस्ताव शासन को भेजे हैं और मैं आज भी इन तमाम प्रस्तावों की निरंतर पैरवी कर रहा हूँ। इसी कड़ी में, मैंने बुढ़वल चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने के लिए विधानसभा सदन में सवाल उठाए। इसके साथ ही, कुर्सी विधानसभा स्थित धन्नाग तीर्थ स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए रैन बसेरा बनवाने और पवित्र स्नान वाले तालाब की साफ-सफाई कराने की मांग भी मैंने प्रमुखता से रखी है।"
सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, "मैंने सरकार को यह भी याद दिलाया कि मेरे प्राविधिक शिक्षा मंत्री रहते हुए कुर्सी विधानसभा में जो महिला पॉलिटेक्निक बनवाया गया था, वह आज खस्ताहाल स्थिति में बंद पड़ा है। मैंने इन सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग करते हुए सरकार का ध्यान आकृष्ट किया था, लेकिन बड़े दुर्भाग्य की बात है कि सरकार की ओर से आज तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई या सुनवाई नहीं हुई है।"
अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए विधायक जी ने कहा, "मेरी अपनी विधानसभा में आकर मुख्यमंत्री द्वारा ऐसे निराधार आरोप लगाए जाने से मेरे हृदय को गहरा आघात लगा है। मुझे बाराबंकी की विभिन्न विधानसभाओं से छह बार विधायक बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, और मैंने हमेशा पूरी निष्ठा के साथ अपने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किया है।"
विधायक जी ने पुराने कार्यों की याद दिलाते हुए कहा, "महादेवा में जो रैन बसेरा बना है, वह सर्वप्रथम मैंने ही बनवाया था, जब वहाँ कोई सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा, वहाँ स्थित तालाब की सबसे पहले सफाई भी मैंने ही करवाई थी। यह मेरे रामनगर से पहली बार विधायक बनने के समय की बात है। मैं अपने सभी प्रस्तावों की प्रतियां आपके सम्मुख रख रहा हूँ, अब आप स्वयं फैसला कीजिए कि सही कौन है और गलत कौन।"

0 टिप्पणियाँ