Barabanki News... जिले के सिरौलीगौसपुर तहसील के पीठापुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी पकार्यालय में निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर के विदाई एवं नवागत खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह के स्वागत समारोह का आयोजन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के संयोजन तथा समस्त बेसिक शिक्षा परिवार के सहयोग से सोमवार को किया गया। इस मौके पर निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर ने कहा कि सिरौलीगौसपुर विकासखंड में कार्यकाल के दौरान शिक्षकों एवं बेसिक शिक्षा परिवार का उन्हें निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने विकासखंड में शिक्षा एवं शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी शिक्षकों की कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों को भविष्य में भी पूर्ण मनोयोग एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शुभकामनाएं दीं। वहीं नवागत खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह ने कहा कि सिरौलीगौसपुर विकासखंड में कार्यभार ग्रहण करते हुए उन्हें प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने सभी शिक्षकों से विद्यालय स्तर पर पूर्ण मनोयोग, जिम्मेदारी एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय अथवा शिक्षक स्तर की किसी भी समस्या को उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि नियमानुसार उसके समाधान का प्रयास किया जा सके। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के हित में सभी के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि सुषमा सेंगर का कार्यकाल शिक्षक हित, शिक्षा की गुणवत्ता तथा विभागीय समन्वय की दृष्टि से उल्लेखनीय रहा। उनके कार्य व्यवहार, सहयोगात्मक दृष्टिकोण एवं शिक्षक हित में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही नवागत खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह जी का स्वागत करते हुए कहा कि समस्त शिक्षक परिवार की ओर से उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। शिक्षक संगठन और विभाग आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना से कार्य करते हुए सिरौलीगौसपुर की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिवा जी मिश्रा, विजय सिंह यादव, नीरज वर्मा, विकास जायसवाल, जितेंद्र यादव, रोहित सिंह, आशुतोष वर्मा, धर्मराज, संतोष कुमार, सौरभ वर्मा, निधि राज, बबिता यादव, संगीता तिवारी, विनीता, उदय प्रताप सिंह, मो० इरफान, मो० अली, रवि प्रकाश सिंह, रमेश कुमार, आनंद प्रकाश, अरुण द्विवेदी, अरविंद सिंह, इन्द्रेश यादव, नवीन मिश्र, मनीष तिवारी, संजीव मिश्रा, कृष्ण चंद्र बाजपेई सहित सैकड़ों शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ