ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Barabanki: गांधी की विचारधारा को खत्म करने के लिए सोशल मीडिया पर हो रहा दुष्प्रचार-सीपी चन्द

 

Barabanki News... गांधी जयन्ती सप्ताह के समापन समारोह में विधान परिषद में संसदीय एवं सामाजिक सदभाव समिति के सभापति तथा गोरखपुर से एमएलसी सीपी चन्द ने कहा कि गांधीवाद सत्य एवं अहिंसा की विचारधारा है। लेकिन, आज कुछ लोग इस विचारधारा को खत्म करने के लिए सोशल मीडिया पर तरह-तरह से दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस विचारधारा की आधारशिला ही सत्य है, उसका अंत कैसे हो सकता है। विकसित देशों में महात्मा गांधी के विचारों पर चर्चा और रिसर्च होती है जबकि हमारे देश की सोशल मीडिया पर सिर्फ बहस होती है। 

 मंगलवार को स्थानीय गांधी भवन में गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट द्वारा आयोजित गांधी जयन्ती सप्ताह के समापन समारोह में मुख्य अतिथि सी.पी चन्द ने महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी की भूमिका पर कहा कि आजादी में कई लोगों ने अपने-अपने तरीके से योगदान दिया। किसी ने हाथों में बंदूक थाम अंग्रेजों की खिलाफत की, तो किसी ने सत्य एवं अहिंसा को ताकत बनाकर स्वदेशी की अलख जगाई। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया ने युवाओं को ज्ञान और किताबों से दूर कर दिया है। कुछ लोग इसका फायदा उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर महात्मा गांधी के खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास हो रहा है। युवाओं को सच जानने के लिए इतिहास को जानना आवश्यक है। 

वहीं सभा के विशिष्ट अतिथि अशोका विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद ने गोस्वामी तुलसीदास की चौपाई को पढ़ते हुए कहा ‘जिन्ह कें कपट दंभ नहिं माया। तिन्ह कें हृदय बसहु रघुराया।।’ गांधी के मन में द्वेष, कपट, दम्भ या माया नहीं था इसीलिए प्रभु राम उनके अराध्य थे। उन्होंने कहा कि हम जब अपने अराध्य को याद करते हैं तो माला का जाप करते समय अंगूठा नीचे करते हैं लेकिन आज के दौर में मोबाइल को चलाने के लिए अंगूठा ऊपर करना पड़ता है। जिससे हमें बचना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप ने की। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और अभावग्रस्त बच्चों की प्रतिभा को निखारने का काम गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट कर रहा है। जोकि खेल के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी यह प्रतिभाएं अपनी योग्यता का परचम लहरा रही है। 

 कार्यक्रम के दौरान आयोजित हुई प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी बच्चों को पारितोष वितरण किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ समाजवादी नेता शहाब खालिद को बेनी प्रसाद वर्मा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड तथा अशोका विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद को डॉ सम्पूर्णानंद शिक्षा अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा एमएलसी सीपी चन्द को दीनदयाल उपाध्याय अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं दुबई से आयीं अंदाज़ ए बयां और संस्था की अध्यक्षा शाज़िया किदवई, समाजसेवी अनंत पाण्डेय, नायब तहसीलदार राजीव वर्मा, यातायात प्रभारी निरीक्षक राम यतन यादव, एडवोकेट विभव मिश्रा, शिक्षाविद् विजय प्रताप सिंह, डॉ गौरव कुमार मिश्र, सलाउद्दीन किदवई, उमेर किदवई को सामाजिक सहभागिता सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रमुख रूप से पूर्व एमएलसी राजेश यादव, पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, नगर पंचायत फतेहपुर के चेयरमैन इरशाद अहमद कमर, अनुपम सिंह राठौर, विजय सिंह मुन्ना, हसमत अली गुड्डू, शिवशंकर शुक्ला, सभासद ताज बाबा राईन, शिवा शर्मा, अशोक जायसवाल, सत्यवान वर्मा, विनय सिंह, नीरज दूबे, मृत्युंजय शर्मा, अतुल सिंह, नरेन्द्र नाथा सोनी, प्रवीण श्रीवास्तव, मो अहमद किदवई, साद किदवई, साकेत मौर्य, रंजय शर्मा, नसीम खान, अजीज अहमद आदि कई लोग मौजूद रहे।

Propaganda on social media to destroy Gandhi's ideology: CP Chand

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ