Barabanki News... सांसद तनुज पुनिया की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को गांधी सभागार डीआरडीए में आहूत की गई। सर्व प्रथम जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन द्वारा सांसद, विधायकगणों, जनप्रतिनिधियों और नामित प्रतिनिधियों को पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई। जनप्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में विद्युत आपूर्ति की समस्या हमेशा बनी रहती है अक्सर लोकल फाल्ट से बिजली गुल रहती है, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं होती है आदि के साथ ही खराब ट्रांसफार्मर की समस्या भी रहती है। जिस पर सम्बंधित विभाग को ससमय उक्त समस्याओं को दूर करने के निर्देश प्रदान किये गए। जिन गांवों में विद्युतीकरण नहीं हुआ है उन गांवों में विद्युतीकरण करने के लिये आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के दिये गए निर्देश
दिशा की बैठक में जिला अस्पताल पुरुष, जिला महिला अस्पताल सहित सीएचसी और पीएचसी में डॉक्टरों की उपलब्धता और बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाहर से दवाएं न लिखने के निर्देश दिए गए। सभी सरकारी अस्पतालों में एंटी रैबीज की वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश माननीय अध्यक्ष महोदय ने दिए। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले जिले के सभी प्राइवेट अस्पतालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
मनरेगा के कार्यों का समय से हो भुगतान
जनप्रतिनिधियों ने मुद्दा उठाया कि तमाम ग्राम पंचायतों में मनरेगा के कार्यों का समय पर भुगतान नहीं किया जाता है जिस पर समय से भुगतान के निर्देश अध्यक्ष महोदय द्वारा दिये गए।
कौशल विकास मिशन योजना को गति देने के निर्देश
दिशा की बैठक में सम्बंधित विभाग के अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में कौशल विकास मिशन योजना के तहत 1286 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य था जिसके सापेक्ष 908 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है जिसमें से 386 युवाओं को रोजगार के लिये प्लेसमेंट भी मिला है। मा0 अध्यक्ष द्वारा इसमें और अच्छे से कार्य करने के निर्देश प्रदान किये गए।
पेंशन भुगतान में डीबीटी समस्या बन रही बाधक
जनप्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वृद्ध, निराश्रित और दिव्यांगों की पेंशन का भुगतान डीबीटी न होने के कारण नहीं हो पा रहा है इसके लिये अध्यक्ष महोदय ने निर्देश दिया कि एक कमेटी बनाकर सभी गांवों में ऐसे लोगों की डीबीटी कराकर उन्हें पेंशन का लाभ दिलाने की कार्यवाही की जाए।
प्रधानमंत्री आवासों को समय पर किया जाए पूर्ण
परियोजना निदेशक द्वारा बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवासों के सम्बंध ने नया सर्वे चल रहा है पूर्व के स्वीकृति आवासों को समय पर पूर्ण करवाने की प्रक्रिया गतिमान है। जिस पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जो भी पात्र है उन्हें आवास सुविधा प्रदान की जाए।
सोलर लाइट की योजना का हो सही से क्रियान्वयन
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिले में सोलर लाइट सम्बन्धी योजनाओं का सही से क्रियान्वयन किया जाए। जहाँ पर आवश्यकता है वहाँ पर सोलर लाइट लगवाई जाये।
किसानों को खाद बीज की पर्याप्त उपलब्धता के दिये निर्देश
जनप्रतिनिधियों ने मुद्दा उठाया कि जिले के किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए। जिस पर निर्देश दिए गए कि किसानों को खाद और बीज के लिये दर-दर भटकना न पड़े।
भुहेरा सहित जिले की टूटी पुलियों की मरम्मत कराने के निर्देश
तहसील नवाबगंज के अंतर्गत भुहेरा गाँव के पास बनी पुलिया में बड़ा सा होल हो गया है जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। इसके अलावा जिले में अन्य तमाम पुलियां भी डैमेज है जिसके सम्बन्ध में अध्यक्ष महोदय ने सम्बंधित विभाग को अविलंब क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत के निर्देश दिए।
जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने के दिये गए निर्देश
दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जिले की खराब सड़कों की मरम्मत करवाने की मांग की जिस पर सम्बंधित विभाग को ससमय जर्जर सड़कों की मरम्मत हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों दिया जाए ध्यान
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन योजना का क्रियान्वयन सही से करवाया जाए। जिससे हर गरीब को शौचालय की सुविधा उपलब्ध हो सके।
पेयजल लाइन बिछाने में टूटी सड़कों की मरम्मत के निर्देश
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिले में पेयजल परियोजना की लाइन बिछाने में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गयी है। सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए गए। परियोजना के तहत गांवों में पाइप लाइन बिछाने का कार्य बहुत ही धीमा है इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
राशन की घटतौली रोकने के दिये निर्देश
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राशन की दुकानों पर घटतौली की शिकायतें आ रही है। जिसके लिये अध्यक्ष ने सम्बंधित विभाग को राशन की घटतौली रोकने के निर्देश दिये।
खनन से टूटी सड़कों की मरम्मत का उठा मुद्दा
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिले में खनन करने वाले सड़कों को क्षतिग्रस्त कर देते है जिससे आवागमन की समस्या रहती है। इस सम्बंध में टूटी सड़कों की मरम्मत करवाने और मामले की जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना(मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) , प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, मल्टी सेक्टोरियल डेवलपमेन्ट प्लान के अन्तर्गत नगरीय पेयजल योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा का कार्यान्वयन, बेसिक शिक्षा विभाग, जिला उद्यान विभाग सहित अन्य विभागों की विभिन्न योजनाओं पर गहन चर्चा की गई। बैठक के अंत में सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि हमारा कार्य है। जनता की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाना और अधिकारियों का कार्य है। जनता की समस्याओं को दूर करना। योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचे जिससे जनता लाभान्वित हो सके।
बैठक में प्रतिनिधिगण सहित जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी इन्द्रसेन, जॉइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम नबावगंज आर जगत साईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अवधेश कुमार यादव, डीडीओ भूषण कुमार, परियोजना निदेशक मनीष कुमार सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Barabanki News
instructions
MP
direction
meeting
issues
arose

0 टिप्पणियाँ