Barabanki News... सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बदोसराय थाना क्षेत्र के सहरी के अनिल सोनी के रूप में हुई है। घटना सिरौली-उधौली मार्ग पर हुई, जहां दो बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अनिल सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को तत्काल संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर ले जाया गया। चिकित्सालय में डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। कोतवाली बदोसराय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है।
इसी क्रम में थाना सफदरगंज क्षेत्र के महमूदाबाद में सत्येन्द्र कुमार लहरी पुत्र सतगुरु शरण 28 वर्ष की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। वहीं बदोसराय थाना क्षेत्र के मेलारायगंज के 7 वर्षीय सिद्वार्थ को चार पहिया वाहन रौंदकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। जिसका ट्रामा सेंटर लखनऊ में उपचार चल रहा है। वहीं राजू वर्मा सफीपुर थाना बदोसरांय, शांती प्यारेपुर थाना सफदरगंज, विजय वर्मा निवासी अरसण्डा थाना मसौली, प्रेम कुमार वर्मा निवासी सफीपुर थाना बदोसरांय, शिवम वर्मा रामनगर, भरत कमरपुर थाना सतरिख, बालकराम गोडारी थाना सफदरगंज, जमुना प्रसाद पता उपरोक्त, संदीप कोपवा, अखिलेश कुमार बरोलिया थाना बदोसरांय,तथा सरवन, संजय नामक युवकों का संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में प्राथमिक उपचार किया गया है।
बाइक ने मारी टक्कर, 26 वर्षीय युवक की मौत
रामनगर थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रामनगर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव के 26 वर्षीय महेश पुत्र सुंदरलाल अपने भाई अंशुल के साथ शुक्रवार को पिकअप से गोंडा हाईवे की ओर गए थे। जेपी फैमिली ढाबा के सामने वह अपनी पिकअप रोककर बाहर खड़े थे। इसी दौरान बाराबंकी की ओर से आ रही एक मोटरसायकिल ने उन्हे टक्कर मार दी। जिससे महेश गंभीर रुप से घायल हो गए। उनको एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई हुकुम ने रामनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि मोटरसायकिल चालक दीपक गौतम निवासी सिरौली कला थाना रामनगर ने यह घटना घटित की है।
होली के जश्न में बिगड़ी व्यवस्था, 80 लोग पहुंचे सीएचसी
होली के उत्सव के दौरान हुई घटनाओं के चलते देवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इमरजेंसी में 80 मरीज पहुंचे। इनमें से 11 गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। होली के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में 35 लोग चोटिल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। वहीं, फतेहपुर, देवा और कुर्सी रोड पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में घायल 25 लोगों का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। त्योहार के दौरान बढ़ी हिंसा और सड़क हादसों ने व्यवस्था को चुनौती दी, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने घायलों के इलाज के लिए तत्परता दिखाई।
घाघरा नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत
जिले के टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र में होली का त्योहार मातम में बदल गया। यहां लोढेमऊ घाट पर होली खेलने के बाद नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के समय पास मौजूद गोताखोर रमेश ने दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला। दोनों को तुरंत सीएचसी टिकैतनगर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक किशोरों की पहचान तेजई का पुरवा के15 वर्षीय रवि वर्मा पुत्र अजय उर्फ हक्कू वर्मा और 16 वर्षीय ऋषभ पुत्र रमेश के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सिरौलीगौसपुर, क्षेत्राधिकार रामसनेहीघाट समीर सिंह मौके पर पहुंचे। कोतवाल टिकैतनगर रत्नेश कुमार पांडे ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। होली की खुशियां मातम में बदल गई हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Barabanki News
festival of colors
holi
clouds
many families
deaths
accidents
injured

0 टिप्पणियाँ