Barabanki News... बदोसराय कोतवाली क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में आपरेशन से पूर्व इंजेक्शन लगाने के बाद एक 3 साल के बच्चे की तत्काल मौत हो गई। मौत के बाद लापरवाही एवं गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हगांमा किया। परिजनों के हगांमा करते ही अस्पताल के कर्मचारी भाग खड़े हुए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची बदोसराय पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के मरकामऊ क़स्बे में संचालित शिव पटेल नर्सिंग होम में रामनगर कोतवाली क्षेत्र के फरेन्दहा गांव के मजरे अमराई गांव के प्रदीप ने अपने लगभग 3 वर्षीय पुत्र रिषु को बतौड़ी का आपरेशन कराने के लिए भर्ती कराया था। गुरुवार को लगभग 11 बजे आपरेशन से पूर्व बच्चे को डॉक्टर द्वारा दो इंजेक्शन लगाये गए। इंजेक्शन लगाने के कुछ पलों बाद ही बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद आक्रोषित परिजनों ने डाक्टर पर गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए बच्चे का शव गोद में लेकर हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों के हंगामे से भयभीत अस्पताल के डाक्टर व कर्मचारी गायब हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पंहुची पुलिस ने अस्पताल संचालक सुमित पुत्र रामखेलावन को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। इस सम्बंध में कोतवाली प्रभारी सन्तोष कुमार ने बताया है कि शव का पंचायत नामा भरकर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Barabanki News
child
died
injection
staff
ran away
nursing home

0 टिप्पणियाँ