Barabanki News...जिले के रामसनेहीघाट तहसील के बनी कोडर पीसीएफ सेंटर बुधवार रात डीएपी खाद के पहुंचने के बाद गुरुवार सुबह किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। काफी देर तक डीएपी के लिए जमकर हंगामा हुआ। हालात को बेकाबू होते देख पुलिस को बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में किसानों को डीएपी का वितरण किया गया।
आपको बता दें कि रबी फसल की बुआई के लिए किसान डीएपी खाद के लिए किसान दर-दर भटक रहा है। प्रशासन भले ही सभी जगह डीएपी होने का दावा कर रहा हो, लेकिन हालात इसके विपरीत हैं। गुरुवार को तमाम दावों की हकीकत सामने आ गई। रामसनेहीघाट क्षेत्र के पीसीएफ सेंटर सादुल्लापुर, रामपुर, छदवल व मोहम्मदपुर उपाध्याय पर डीएपी ना होने के कारण जहां सन्नाटा छाया रहा, वहीं बनीकोडर पीसीएफ सेंटर पर बुधवार की रात मात्र 300 बोरी डीएपी खाद पहुंची। सुबह इसकी सूचना होते ही किसानों की भारी भीड़ डीएपी लेने के लिए केंद्र पर उमड पड़ी। सुबह थोड़ी देर तक आईडी पासवर्ड ना मिलने के कारण वितरण प्रभावित रहा, जिसके चलते किसानों की भीड़ बढ़ती गयी। इसकी सूचना केंद्र प्रभारी ने अधिकारियों को देते हुए सुरक्षा की मांग की। थोड़ी देर बाद एडीओ एजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वितरण शुरू कराया। समिति के खाता धारकों को उनकी मांग के मुताबिक तथा अन्य किसानों को एक आधार पर दो बोरी खाद वितरित की गई। एडीओ एजी के मुताबिक अभी जल्दी एनपीके खाद का वितरण किया गया था लेकिन डीएपी नहीं आ पाई थी। करीब 25 दिन बाद डीएपी आने के कारण काफी किसान इकट्ठा हो गए थे। उन्होंने बताया कि जनपद में डीएपी का स्टॉक आ गया है जल्दी ही सभी साधन सहकारी समितियो पर डीएपी उपलब्ध हो जाएगी।
खाद की अधिक दर पर बिक्री ना होने दें-डीएम
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण की समीक्षा बैठक की गयी, जिसमें कृषि, सहकारिता, पीसीएफ, इफको के अधिकारियों के साथ-साथ जनपद के समस्त थोक उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहें।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में वर्तमान 3137 मीटरिक टन डीएपी तथा 7907 मीटरिक टन एनपीके उपलब्ध है। विगत 02 दिनों में जनपद में प्राप्त पीपीएल एवं कोरोमण्डल कम्पनी की डीएपी की रैंक से पीसीएफ के माध्यम से प्राप्त स्टाक का 30 प्रतिशत समितियों पर प्रेषित कराया जा रहा है तथा शेष स्टाक निजी क्षेत्र के बिक्री केन्द्रों पर आपूर्ति किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आज जनपद में एन०एफ०एल० कम्पनी की टीएसपी के रैक प्राप्त हुई है. जिसमें से पीसीएफ को 30 प्रतिशत तथा शेष स्टाक निजी बिक्री केन्द्रों पर आपूर्ति कराया जा रहा है। कल दिनांक 22 नवंबर को आईपीएल कम्पनी की डीएपी मात्रा 654 मीटरिक टन तथा टीएसपी 641 मीटरिक टन की प्राप्त हो रही है, साथ ही इफको की डीएपी/एनके पीएस की एक रैक प्राप्त हो जायेगी तथा आगामी 02 से 03 दिनों में कृभको एनपीके 12:32:16 की रैंक प्राप्त हो जायेगी।
जिलाधिकारी द्वारा जनपद के थोक उर्वरक विक्रेताओं के गोदाम में उपलब्ध फास्फेटिक उर्वरकों की समीक्षा की गयी तथा कड़े निर्देश दिया गया कि किसी भी दशा में गोदामों में उर्वरकों का अनावश्यक भण्डारण न किया जाए तथा जो भी उर्वरक उपलब्ध हो वह तत्काल फुटकर विक्रेताओं को आपूर्ति किया गया ताकि कृषकों को सुगमतापूर्वक सभी उर्वरक प्राप्त हो सकें। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि जनपद में प्राप्त होने वाली रैकों से तत्काल फुटकर उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर आपूर्ति कराते हुए तत्काल एक्नॉलेजमेन्ट सुनिश्चित करायें ताकि वितरण में किसी प्रकार की समस्या न आने पाये। किसी भी दशा में निर्धारित दर से अधिक दर पर उर्वरकों की बिक्री न हो तथा कृषकों को उनकी जोत एवं फसल संस्तुति के अनुसार उर्वरक पी०ओ०एस० मशीन से ही उपलब्ध करायी जाए। कृषि विभाग के अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया कि आवंटित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण सील रहकर यह सुनिश्चित करायें कि किसी भी दशा में उर्वरकों की अधिक दर पर बिक्री न होने पाये। तथा जांच के दौरान यह भी देखा जाए कि जिन विक्रेताओं द्वारा कृषकों को अधिक अधिक मात्रा में उर्वरक बिक्री की गयी हो उन कृषकों से फीडबैक भी प्राप्त करें कि वास्तव में उनके द्वारा उर्वरक प्राप्त किया गया है अथवा नहीं, यदि कोई विक्रेता इसमें दोषी पाया जाए अथवा अधिक दर पर बिक्री करते हुए पाया जाये तो तत्काल उसके विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कृषकों से अपील की गयी कि जनपद के सभी समितियों तथा निजी बिक्री केन्द्रों पर उर्वरकों की उपरोक्तानुसार आपूर्ति करायी जा रही है. कृषक भाई अपनी जोत/अभिलेखों के अनुसार फसल की संस्तुत मात्रा में उर्वरक पीओएस मशीन से निर्धारित दर पर प्राप्त करें तथा पीओएस मशीन की रसीद विक्रेता से अवश्य प्राप्त करें।
Barabanki News.
fighting
DAP
distributed
police.


0 टिप्पणियाँ