आलू उत्पादन और भण्डारण में जिले का होगा तीसरा स्थान
फर्रुखाबाद और कन्नौज के बाद होगा जिले का स्थान
Barabanki News... उद्यान निरीक्षक गणेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि जिला आलू उत्पादन और भण्डारण का हब बनता जा रहा है। जिले में 12 नए कोल्ड स्टोर का निर्माण हो रहा है। आलू भण्डारण की समस्या इस साल खत्म हो जाएगी। जिले में भण्डारण क्षमता बढ़कर एक करोड़ 40 लाख बोरी की हो जाएगी। कोल्ड स्टोरेज की संख्या में फर्रुखाबाद और कन्नौज के बाद जिला का प्रदेश में तीसरा स्थान होगा। सरकार ने ब्लॉकवार अनुदान की धनराशि अलग अलग निर्धारित की है। जिले में वर्ष 2018 में 18 हजार हेक्टेयर में लाल आलू की बोआई होती थी, इस बार 24 हजार 500 हेक्टेयर के पार होने की उम्मीद है। लगभग 85 प्रतिशत बोआई हो चुकी है।
उद्यान निरीक्षक ने बताया कि आने वाले कुछ महीनों में जिला आलू भंडारण में प्रदेश का तीसरा जिला बन जाएगा। जिले में सात लाख मीट्रिक टन आलू की पैदावार होती है। 65 कोल्ड स्टोरेज संचालित हैं, जहां पर पौने छह लाख मीट्रिक टन यानि एक करोड़ 15 लाख बोरी आलू रखने की क्षमता है। अभी तक फर्रुखाबाद और कन्नौज यूपी में टाप पर हैं, तीसरे नंबर पर जिले का स्थान हो जाएगा।
उद्यान निरीक्षक गणेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि जिले में 12 कोल्ड स्टोरेज और बनाए जा रहे हैं। फतेहपुर में तीन, अहमदपुर, देवा रोड स्थित मित्तई, बड्डूपुर, सुढ़ियामऊ, बिंदौरा, अहमदपुर, शहावपुर, बबुरी गांव, भगौली के पास कोल्ड स्टोरेज बनाए जा रहे हैं, जिनकी क्षमता लगभग 25 लाख बोरी आलू रखने की बढ़ जाएगी। इससे किसानों को आलू रखने के लिए बहराइच, अयोध्या, लखनऊ और अमेठी नहीं जाना पड़ेगा। इन जिलों में बाराबंकी का लगभग 30 प्रतिशत आलू भंडारित होता है।
Barabanki News
district
new records
potato
production
storage

0 टिप्पणियाँ