टीआरसी लॉ कालेज के छात्र-छात्राओं ने किया जिला बार एसोसिएशन का भ्रमण
Barabanki News ... सतरिख स्थित टीआरसी लॉ कालेज के विधि तृतीय सेमेस्टर एवं सप्तम् सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने विधिक सहायता प्रकोष्ठ के समन्वयक डा. मंजय कुमार यादव व प्रवक्ता अंकित मिश्रा के साथ सिविल कोर्ट परिसर का भ्रमण किया। सर्वप्रथम जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता हिसाल बारी किदवाई, महामंत्री अशोक कुमार सिंह एडवोकेट, उपाध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप यादव एडवोकेट ने सम्बोधित करते हुए अपना अनुभव साझा किया और अधिवक्ता कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार पाण्डेय एडवोकेट, राहुल बिक्रम सिंह एडवोकेट, दौलता कुमारी एडवोकेट व शिव कुमार वर्मा एडवोकेट आदि ने भी अपने विधि व्यवसाय के अनुभव साझा किए।
भ्रमण के क्रम में छात्र-छात्राओं को तीन समूहों में विभाजित करके अलग-अलग न्यायलयों में भ्रमण करने की कार्यवाही संचालित की गई। तीनो समूहों का नेतृत्व क्रमशः अध्यक्ष, महामंत्री व उपाध्यक्ष द्वारा किया गया। भ्रमण के क्रम में छात्र-छात्राओं ने जिला बार एसोसिएशन की लाइब्रेरी, कम्प्यूटर कक्ष का अवलोकन किया और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम के न्यायालय में जाकर पत्रावलियों के बारे में समझा और आपराधिक एवं सिविल मामलों से सम्बंधित प्रश्न भी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से पूंछे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए मेहनत से पढ़ाई करने की सलाह दी और न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने का टिप्स भी दिया। तत्पश्चात् छात्र-छात्राओं का समूह क्रमशः जिला परिवार न्यायालय, पाक्सो कोर्ट, अपर सत्र न्यायालय द्वितीय में भी गये और न्यायिक प्रक्रिया के बारे में जाना और समझा। जिला परिवार न्यायालय के न्यायधीश ने छात्र-छात्राओं को न्यायालय में चल रहे मुकदमों के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए पारिवारिक विवादों से दूर रहने की सलाह भी दी।
छात्र-छात्राओं ने एडीआर भवन, लोक अदालत का भी भ्रमण किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह (एडीजे) ने सुलह, समझौता एवं मध्यस्थता कार्यवाही को छात्र-छात्राओं को बैठाकर समझाया और दिखाया कि इस प्रक्रिया का पालन करके अपने विवादो का शीघ्र और कम खर्च में निस्तारण करा सकते है। अन्त में छात्र-छात्राएं जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट पहुंचे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय ने अपना अनुभव साझा करते हुए विरल से विरलतम मामलों में ही मृत्युदण्ड देने की व्यवस्था से अवगत कराया और न्यायालय के क्षेत्राधिकार को बताते हुए सभी छात्र-छात्राओं से भविष्य में वह किस क्षे़त्र में जाना चाहेंगे इस सम्बंध में छात्र-छात्राओं की रूचि भी जानी और उच्च न्यायिक सेवा में चयनित होने की प्रक्रिया भी बताई। पुनः सभी छात्र-छात्राएं अधिवक्ता सभागार में एकत्रित हुए और जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जी द्वारा आयोजित अनुभव क्लास में अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन करते हुए अध्यक्ष जी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जिला बार एसोसिशन की तरफ से विधि सम्बंधी जानकारियां प्रदान करते रहने की बात कही।
Barabanki News
Future
lawyers
legal
experience
District Bar Association

0 टिप्पणियाँ