BARABANKI NEWS... पर्यटक स्थल भगहर झील में शुक्रवार को मजदूरी करने गए पति को खाना देने जाते समय नदी में नाव पलटने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के परिजनों ने अस्पताल में शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया और शव को पीएम करने से मना कर दिया।
जानकारी के मुताबिक रामनगर थाना क्षेत्र के चैनपुरवा मजरे कजियापुर निवासी लक्ष्मी देवी (28) अपने मजदूर पति धर्मेन्द्र निषाद को दोपहर में खाना देने के लिए नाव से नदी पार कर पर्यटक स्थल भगहर झील को गई थी। वहां से वापस आते समय नदी में नाव पलटने से हादसा हो गया। नदी में डूबने से लक्ष्मी देवी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 1 किलोमीटर के रास्ते को पार करने के लिए पुल न होने की वजह से मृतका को करीब 7 किलोमीटर घूमकर अस्पताल जाना पड़ा। शायद यही वजह रही कि समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई।
बता दें कि रास्ते को लेकर करीब 2 वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने श्रमदान में रास्ता बनाने की प्रक्रिया शुरू की थी। जिस पर उस समय की तत्कालीन एसडीएम तान्या सिंह ने रास्ते के निराकरण की बात कहकर रास्ता बनवाने का आश्वासन दिया था। जिसके बाद रास्ते को लेकर लोकसभा चुनाव में भी मताधिकार का बहिष्कार किया गया था, लेकिन आज तक रास्ते का निराकरण नहीं हो पाया। इसी की वजह से महिला की मौत पर उग्र ग्रामीणों ने सीएचसी पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक राजर्ष त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने बुझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन परिजन रास्ते के निराकरण के बाद शव को पीएम कराने की बात कह रहे हैं। सीएचसी पर रामनगर के एसएचओ रत्नेश पांडेय, महादेवा चौकी प्रभारी संतोष त्रिपाठी व पुलिस चौकी सूरतगंज की फोर्स मौजूद रही।
BARABANKI NEWS
BOAT
WOMEN
ROAD PROBLEM

0 टिप्पणियाँ