Barabanki News... राईन समाज (Rain Samaj) की कुरीतियों को दूर करने. समाज में एकता और समाजिक व सियासी हिस्सेदारी पर मंथन के लिए 27 अक्टूबर रविवार को नगर के नवीन मंडी में राईन एकता कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। कांफ्रेंस में जिले समेत प्रदेश के कई हिस्सों से राइऩ समाज के नेता और प्रभावी लोग शिरकत करेंगे। यहीं नहीं इस कार्यक्रम में सब्जी एवं फल व्यापारी एसोसिएशन व राईन समाज की ओर से मंडी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान समारोह भी होगा।
दोनों प्रोग्रामों को कामयाब बनाने के लिए जिले के राइन समाज के नेताओं की बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार की सुबह मंडी में तैयारियों का जाएजा लेने के लिए बैठक हुई। बैठक में समाज के तमाम जिम्मेदार लोगों ने शिरकत की और कांफ्रेंस को कामयाब बनाने का खाका तैयार किया। कार्यक्रंम के आयोजक राइन समाज के कद्दावर नेता सिद्दीक पहलवान ने बताया कि बिरादरी को एक करने और समाजी बुराइयों को दूर करने के लिए इस कांफ्रेस का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सब्जी एवं फल व्यापारी एसोसिएशन व राईन समाज की ओर से मंडी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान समारोह भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मकसद कोई सियासी फायदा लेना नहीं है। कार्यक्रम का मकसद सिर्फ राईन समाज को एक करना है ताकि वो अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और समाज की तरक्की में योगदान दे सकें।
प्रोग्राम के कन्वेनर और ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के उपाध्यक्ष वसीम राइन ने बताया कि कार्यक्रम का मकसद राइन समाज के शैक्षिक स्तर को सुधारना और उन्हें सियासी और समाजी भागीदारी दिलाना है। उन्होंने कहा कि समाज को इन तीनों क्षेत्रों में कैसे आगे बढ़ाया जाए इसके लिए कार्यक्रम में जिले और प्रदेश से आए नेता और प्रभावी लोग चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि हम जात को जमात की ओर ले जाना चाहते हैं, ताकि समाज को आगे गुमराह ना किया जा सके। वसीम राइन ने कहा कि इस कार्यक्रम में समाज से जुड़े हर व्यक्ति और संगठन का स्वागत है। ये समाज की फलाह व बहबूद का कार्यक्रम है। इसका कोई सियासी मकसद नहीं है। इसलिए इसमें जो कोई शामिल होना चाहता है, उसका हम खैर मकदम करेंगे।
कार्यक्रम को कामयाब बनाने में लगे राइन समाज के प्रभावी नेता हाजी अहमद राइन ने बताया कि कांफ्रेंस में ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंच सकें इसके लिए हम लोग लगातार दौरे और लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तमाम तैयारियां लगभग पूरी हैं और तमाम व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कितनी भीड़ आए इसका कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है, लेकिन कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।
वहीं मंडी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एकराम राईन ने कहा कि उनका मकसद मंडी से किसानों और व्यापारियों का शोषण खत्म करना है। इसके लिए उन्होंने काम करना शुरू कर दिया है और इसमें उन्हें कामयाबी भी मिल चुकी है। आगे भी वो इसी दिशा में काम करते रहेंगे।



0 टिप्पणियाँ