ताज़ा खबरें

7/recent/ticker-posts

Deva Diary: रूप कुमार राठौर ने सजाई शाम, तो खेल और प्रतियोगिताओं ने भरा रोमांच

 

Barabanki News... देवा मेला का मेगा नाइट शो मशहूर गजल गायक रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर की जुगलबंदी के नाम रहा। मशहूर प्लेबैक सिंगर और चर्चित गीत संदेशे आते है और तुझमें रब दिखता जैसे गीत गाकर फिल्म इंडस्ट्री में धमाल मचा देने वाले रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर की जुगलबंदी से देवा मेला ऑडिटोरियम में बैठे हजारों श्रोता झूम उठे। दोनों गायकों ने एक के बाद एक अपने गीतों से समां बांधा तो श्रोता वाह-वाह करने को मजबूर हो गए। दोनों की प्रस्तुतियों से श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। बुधवार की रात ऐतिहासिक देवा मेला ऑडिटोरियम में गीत और गजल की महफिल सजी। हजारों श्रोताओं से खचाखच भरे ऑडिटोरियम में मशहूर गजल गायक रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर ने अपनी जुगलबंदी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में सर्वप्रथम, तेरे लिए हम है जिए, गीत से की। इसके बाद, आपकी नजरों ने समझा प्यार के काबिल मुझे, गीत पर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरी। इसके बाद मुझे इश्क का कलमा याद रहा, मैं बाकी सबकुछ भूल गई, बिंदिया चमकेगी, चुड़ी खनखेगी, गीत पर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद ख्वाजा मेरे ख्वाजा, गीत की प्रस्तुति देकर माहौल को सूफ़ियाना बना दिया। इसके बाद निगाहें मिलाने को जी चाहता है और मौला मेरे मौला, लागा चुनरी में दाग, तुझमें रब दिखता है आदि गीत व गजलों से रूप कुमार ने समां बांध दिया। इससे पूर्व दोनों कलाकारों का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। 

जिला जज ने दीप प्रज्ज्वलित करके की मेगा नाईट कार्यक्रम की शुरुआत 
 देवा मेला में बुधवार की रात मेगा नाईट की शुरुआत मुख्य अतिथि, जिला जज श्री पंकज कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। इस अवसर पर सर्वश्री एडिशनल प्रिंसपल जज श्री कृष्ण कुमार, एडीजे श्री कृष्ण चन्द्र सिंह, एडीजे ज्ञान प्रकाश शुक्ला, एसीजेएम वंदना, देवा मेला एवं प्रदर्शनी समिति के सचिव/एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार , एडीएम न्यायिक इंद्रसेन, एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी, एसडीएम अनुराग सिंह, एसडीएम केडी शर्मा, एसडीएम प्रीति सिंह, एसडीएम राजेश विश्वकर्मा, एसडीएम पूजा गुप्ता, सीओ हर्षित चौहान, सीओ सुमित त्रिपाठी, तहसीलदार शरद सिंह, सतीश कुमार तिवारी, दिलीप मिश्रा आदि सहित मेला कमेटी के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।

हॉकी प्रतियोगिता में टाउन हॉल क्लब शाहजहांपुर और आरएसए क्लब शिवगढ़ रायबरेली जीते
देवा मेला के हॉकी मैदान में चल रही राज्य स्तरीय हॉकी खेल प्रतियोगिता में बुधवार को दो मैच खेले गए। पहला मैच एनईआर रेलवे लखनऊ और टाउन हॉल क्लब शाहजहांपुर के बीच खेला गया, जिसमें संघर्षपूर्ण मुक़ाबले में 3-2 से टाउन हॉल क्लब शाहजहांपुर की टीम ने फतेह हासिल की। इसके बाद दूसरा मैच आरएसए क्लब शिवगढ़ रायबरेली और मन्ना इलेवन गोंडा के बीच खेला गया जिसमें निर्धारित समय में दोनों टीमें एक एक गोल से बराबर रही। इस मैच का फ़ैसला ट्राईब्रेकर द्वारा किया गया। जिसमें 4-2 से आरएसए क्लब शिवगढ़ रायबरेली की टीम विजयी हुई। इस अवसर पर सर्वश्री हॉकी प्रतियोगिता के आयोजक, सलाउद्दीन किदवई, मोहम्मद फारुख, राम आशीष वर्मा, मुजीब अहमद, विवेक कुमार, शकील अहमद, अरमान वारसी, निसार अहमद, फव्वाद किदवई आदि सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। 

 कब्बडी प्रतियोगिता में जीत हार के लिये संघर्ष करते रहे खिलाड़ी
देवा मेला में बुधवार को राज्य स्तरीय कबड्डी खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन जीत हार के लिये खिलाड़ी संघर्ष करते नजर आए। पहला कबड्डी मैच शमशाद क्लब और टीआरसी डीफार्मा कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें शमशाद क्लब के खिलाड़ी विजयी रहे। दूसरे मैच में सुल्तान क्लब लौलई की टीम ने निन्दूरा की टीम को शिकस्त दी। इसके बाद अगला मैच बजरंग क्लब और मसौली के बीच खेला गया, जिसमें बजरंग क्लब की टीम ने विजय हासिल की। वहीं अगले मैच में सैदन क्लब जौरास की टीम ने सेवन वंडर्स को हराया। चौक स्टेडियम की टीम पर बीकेटी की टीम ने फतेह हासिल की। इसके बाद अन्य कई टीमों की कबड्डी प्रतियोगिता देर रात तक होती रही। 

 सुरभि मिश्रा के शास्त्रीय नृत्य से दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
देवा मेला के सांस्कृतिक मंच पर बुधवार की शाम सुरभि मिश्रा के शास्त्रीय नृत्य पर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। सुरभि मिश्रा ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना, कान्हा जी से की। इसके बाद शंकर अति प्रचण्ड नमो नमो शंकराय आदि सहित अनेक मनमोहक गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। 

 कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं की प्रस्तुति पर दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
देवा मेला के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार की शाम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मन्त्रमुग्ध कर दिया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हरख की छात्राओं ने सूफ़ी नृत्य मुरशिद खेले होली की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मसौली की छात्राओं ने इतिहास का आईना नृत्य की प्रस्तुति पर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। प्रतिभागी छात्राओं को मोमेन्टो देकर सम्मानित भी किया गया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों की दिखी प्रतिभाएं
देवा मेला एवं प्रदर्शनी में बुधवार को ऑडिटोरियम में स्कूली बच्चों की अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिनका परिणाम इस प्रकार रहा। निबन्ध रचना प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में सदफ सिद्दीकी सेठ एम आर जयपुरिया बाराबंकी प्रथम रहे। इसी स्कूल की प्राची चौधरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रफी मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा गुलब्सा ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग की निबन्ध रचना प्रतियोगिता में अर्नव सिंह सेठ एमआर जयपुरिया के प्रथम, इसी स्कूल के विभूति मिश्रा सेकंड रहे। रफी मेमोरियल गर्ल्स इंटर कालेज की छात्रा सलमा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में अजीमुद्दीन अशरफ़ इस्लामिया इंटर कालेज के अभिमन्यु प्रथम रहे। अरुणोदय पब्लिक स्कूल के छात्र अर्पित पटेल द्वितीय रहे और इसी कालजे के छात्र दीपक ने तीसरा स्थान हासिल किया। 

सीनियर वर्ग में जमिलुर्रह्मान किदवाई गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा सुजाता प्रथम रही। जीजीआईसी देवा की छात्रा अजरा परवीन द्वितीय और इसी कॉलेज की छात्रा सना खातून तृतीय रही। वादविवाद प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में सेठ एम आर जयपुरिया बाराबंकी के छात्र दयान मोहसिन प्रथम, इसी स्कूल के छात्र श्रेयांशी सिंह द्वितीय रही तथा अतरिव श्रीवास्तव इसी स्कूल के तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में सेठ एम आर जयपुरिया के छात्र क्रमशः आयशा फात्मा प्रथम, अहम सिंह द्वितीय और अनुभव गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे। मेहंदी प्रतियोगिता में रफ़ी मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज मसौली, की छात्रा अक्शानूर प्रथम रही। जमिलुर्रह्मान किदवाई कॉलेज की छात्रा निदा बनो द्वितीय और इसी कॉलेज की छात्रा सुजाता तृतीय स्थान पर रही। सामान्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सेठ एम आर जयपुरिया के छात्र फरानाज व शिविका सिंह प्रथम रहे, अंशिका और सदफ द्वितीय स्थान पर रही। मेहंदी प्रतियोगिता में जमिलुर्रह्मान इंटर कॉलेज के छात्र रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे और अरुणोदय पब्लिक स्कूल के छात्र द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम के सर्वश्री अध्यक्ष सन्दीप सिन्हा, सचिव फव्वाद किदवाई, कार्यक्रम के संयोजक उमेर किदवाई सहित निर्णायक मंडल के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विजयी छात्रों को अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और कमेटी के सदस्यों द्वारा प्रमाण पत्र के साथ पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 

 देवा मेला में कुश्ती प्रतियोगिता में उमड़ी भीड़
देवा मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में नामचीन पहलवानों ने अपने अपने दावपेंच आजमाते हुए एक दूसरे को चित करने का प्रयास किया। दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ दंगल कमेटी के सचिव चौधरी अशीरुद्दीन अशरफ ने फीता काटकर पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। पहली कुश्ती बबलू पहलवान फतेहपुर और खालिक पहलवान मुरादाबाद के बीच हुई जिसमें खालिक पहलवान विजयी हुये, इसके बाद दूसरी कुश्ती अमान फुलवारी और कलीम काला खीरी के बीच हुयी जिसमें अमान विजयी रहे। तीसरी कुश्ती काली घटा पहलवान और राना कुरेशी पहलवान के बीच हुई जिसमें राना कुरेशी पहलवान ने काली घटा पहलवान को चित कर दिया। इसके बाद समीर पहलवान और रिजवान पहलवान मुरादाबाद के बीच मुकाबला बराबर रहा।

 खलील पहलवान मुरादाबाद और भराव पहलवान हरिद्वार के बीच भी कुश्ती बराबर पर छूटी। राजा कुरैसी और काली घटा पहलवान के बीच हुए मुकाबले में राजा कुरैसी विजयी रहे। इसके बाद मोनू पहलवान पंजाब और साबिर पहलवान अलीगढ़ के बीच रोमांचक कुश्ती के मुकाबले में मोनू पहलवान ने साबिर पहलवान को चित कर दिया। इसके बाद एक से बढ़कर एक कुश्ती देखने को मिली। इस अवसर पर कमेटी के सदस्य फव्वाद किदवाई, शिब्बू चौधरी, एडवोकेट गामा पहलवान व अशोक कुमार आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन साबिर पहलवान तिलोकपुर व भूपेंद्र पहलवान ने किया।

Deva Diary
Deva Mela
Roop Kumar Rathore
Sonali Rathore
games
competitions
excitement
Dangal 
Kabaddi

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ