BARABANKI NEWS... जिले के सफेदाबाद स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में मुस्लिम समुदाय की ओबीसी जातियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में पसमांदा मुसलमानों के हुकूक के साथ सामाजिक और सियासी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में पसमांदा मुसलमानों के नये संगठन ऑल इंडिया ओबीसी मंच का एलान किया गया। साथ ही नये संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। बैठक में सर्व सम्मित से मशहूर काउंसलर खैरुल बशर सलमानी को ऑल इंडिया ओबीसी मंच का अध्यक्ष और मशहूर समाजिक कार्यकर्ता शमशाद राइन को संगठन का संयोजक चुना गया।
तकरीबन 3 घंटों तक चली इस बैठक में सबसे पहले देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पसमांदा मुस्लिम जातियों के प्रतिनिधियों ने अपने समाज की मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त की और इसके विकास के सुझाव दिए। बैठक में पसमांदा मुसलमानों के हुकूक और सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया। तमाम लोगों ने कहा कि समाजिक और राजनीतिक भागीदारी के बगैर अपने हुकूक हासिल नहीं किए जा सकते। सभी ने अपने समाज की तरक्की के लिए एकता पर विशेष जोर दिया और अधिकारों के लिए आंदोलनरत रहने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त मंच के अध्यक्ष मशहूर काउंसलर खैरूल बशर ने जोरदार सारगृभित भाषण दिया। उन्होंने बैठक में मौजूद तमाम जातियों के सैंकड़ों प्रतिनिधियों को संगठन के महत्व के साथ संगठन चलाने के तरीकों पर जोर दिया। उन्होंने लोगों के लिए संगठन चलाने के लिए त्याग, तपस्या और मेहनत की अहमियत बताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि वो अपनी कौम की तरक्की के लिए मुतहर्रिक हों।
बैठक के बाद खैरूल बशर ने बाराबंकी मिरर के साथ खास बातचीत में कहा कि मंच के जरिए पसमांदा मुसलमानों के हुकूक और उनकी भागीदारी के लिए संघर्ष किया जाएगा। उऩ्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि हम शमशाद भाई की कयादत में अपने मिशन में कामयाब होंगे। संगठन की अहमियत बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन के बनने से कामयाबी मिलती है। इससे एक माहौल बनता है। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा तरक्की की अलामत होता है।
ये आवाम के जागरूक होने की निशानी है और ये तरक्की में बाधा नहीं होता। उन्होंने कहा कि संगठन के बनने से विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि देश और अपने समाज की तरक्की के लिए हम सब एकजुट हुए हैं और हम सब मिलकर पसमांदा मुसलमानों के लिए संघर्ष करके उनकी तरक्की के रास्ते खोलेंगे।
ऑल इंडिया ओबीसी मंच के नवनियुक्त संयोजक ने कहा कि 70 बरसों से पसमांदा मुसलमानों की तरक्की नहीं हुई, जबकि उनके लिए कई तंजीमें काम कर रही हैं। इस मंच से प्रभावी ढंग से तमाम इख्तेलाफात को छोड़कर लड़ाई लड़ी जाएगी। पसमांदा मुसलमानों के अधिकारों की लड़ाई में आने वाले चैलेंजेज़ के सवाल पर उन्होंने कहा कि काम अगर चैलेंज ना हो तो बेकार है। उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों बाद ऑल इंडिया ओबीसी मंच के काम सबको दिखाई देंगे।
BARABANKI NEWS
PASMANDAH MUSLAMAN
OBC
ALL INDIA OBC MANCH

0 टिप्पणियाँ